कांग्रेस की केरल इकाई के एक ट्वीट ने बिहार से लेकर दिल्ली तक सियासी भूचाल मच गया है। ट्वीट में बीड़ी और बिहार की तुलना की गई है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्ट लिख बीड़ी पर जीएसटी दर में कटौती को बिहार से जोड़ा। जिसके बाद एक नया सियासी विवाद छिड़ गया है। हालांकि बाद में इस पोस्ट को बाद में हटा दिया गया। कांग्रेस के इस कदम की एनडीए के दलों ने कड़ी आलोचना की है। कांग्रेस पर बिहार का अपमान करने का आरोप लग रहा है।

ट्वीट में क्या लिखा
केरल कांग्रेस की ओर से किए गए ट्वीट में बीड़ी पर जीएसटी कटौती को बिहार से जोड़ते हुए लिखा गया कि B से बीड़ी, B से बिहार, अब इसे पाप नहीं माना जा सकता। यह पोस्ट केंद्र सरकार की ओर से घोषित नई जीएसटी व्यवस्था पर टिप्पणी थी, जिसमें सिगार और सिगरेट पर कर 28% से बढ़ाकर 40% कर दिया गया है, तंबाकू पर भी 28% से 40% कर लगाया गया है, जबकि बीड़ी पर टैक्स घटाकर 28% से 18% कर दिया गया है।
विवाद बढ़ता देख ट्वीट को किया गया डिलीट
कांग्रेस पार्टी की तरफ से ये ट्वीट आते ही विवाद हो गया। इस टिप्पणी को बिहार के खिलाफ अपमानजनक माना गया, जिसके बाद भारी विवाद होने पर कांग्रेस ने यह पोस्ट डिलीट कर दी। हालांकि, डिलीट करने के बावजूद एनडीए नेताओं ने इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया और कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठाए।
B से बुद्धि भी होती है, जो कांग्रेस के पास नहीं-संजय झा
जेडीयू नेता और बिहार सरकार में मंत्री संजय कुमार झा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस की इस हरकत को बेहद शर्मनाक और निंदनीय बताया। संजय झा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बिहार का अपमान है। उन्होंने कहा कि B से बुद्धि भी होता है, जो कांग्रेस के पास नहीं है। संजय झा ने ट्वीट करते हुए लिखा- ‘आपको बता दें कि B से सिर्फ बीड़ी नहीं, बुद्धि भी होती है, जो आपके पास नहीं है। B से बजट भी होता है, जिसमें बिहार को विशेष सहायता मिलने पर आपको मिर्ची लगती है। बिहार का मजाक बनाने की नीचता कर कांग्रेस ने न केवल बिहारवासियों का फिर से अपमान किया है, बल्कि देश के गौरवशाली इतिहास और लोकतंत्र का भी मजाक बनाया है।
यही है कांग्रेस का असली चरित्र- सम्राट चौधरी
बिहार के उपमुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने इस ट्वीट को बिहार का अपमान करार देते हुए कहा, पहले हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की पूजनीय माता जी का अपमान और अब पूरे बिहार का अपमान। यही है कांग्रेस का असली चरित्र, जो बार-बार देश के सामने उजागर हो रहा है। सम्राट चौधरी चौधरी ने इसे बिहार की जनता और उसकी सांस्कृतिक विरासत पर हमला बताया।