चुनावी राज्य बिहार में महिलाओं को एक बार फिर सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत आज 25 लाख महिलाओं के खाते में पैसा भेजा जाएगा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रिमोट का बटन दबाकर पैसा ट्रांसफर करेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 75 लाख महिलाओं के खाते में पहली किस्त खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रांसफर की थी। इस मौके पर उन्होंने कई जीविका दीदियों से बात भी की थी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित भी किया था।

बिहार में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना शुरू की गई। इसके तहत एक बार फिर बड़ी राशि जारी होने जा रही है। आज 3 अक्टूबर को राज्य की करीब 25 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10,000 हजार की पहली किस्त सीधे ट्रांसफर की जाएगी। इसके लिए पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से यह राशि भेजेंगे। कार्यक्रम में दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित कई मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
अक्टूबर से दिसंबर हर शुक्रवार को भेजी जाएंगी किस्तें
इस योजना की शुरुआत 26 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से की थी। उस समय 75 लाख महिलाओं के खातों में ₹10,000 की राशि भेजी गई थी। राज्य सरकार ने अक्टूबर से दिसंबर 2025 तक 14 तिथियां तय की हैं, जिनमें हर शुक्रवार को किस्तें भेजी जाएंगी। जरूरत पड़ने पर तिथियों में बदलाव संभव होगा, लेकिन योजना का लाभ लगातार मिलता रहेगा। इसके बाद 6 अक्टूबर, 17 अक्टूबर, 24 अक्टूबर और 31 अक्टूबर को खाते में पैसा भेजा जाएगा।
क्या है मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना बिहार की शुरुआत बिहार की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू की गई है। इस योजना के तहत अगर कोई महिला कुटीर उद्योग लगाना चाहती है तो सरकार की ओर से उसे 10000 रुपये से 2 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद मिलेगी। इस योजना के तहत पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये महिलाओं के खाते में भेजे जा रहे हैं। काम अच्छे से चलता है तो 6 महीने के बाद 2 लाख रुपये मिल सकते हैं।
कैसे करेंगे आवेदन
इस योजना का लाभ लेने के लिए महिलाएं जीविका स्वयं सहायता समूह या ग्राम संगठन के जरिए आवेदन कर सकती हैं। जो महिलाएं किसी समूह से नहीं जुड़ी हैं, वे निर्धारित तिथियों पर सीधे आवेदन जमा कर सकती हैं। पूरी राशि डीबीटी के जरिए सीधे बैंक खातों में आएगी। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत फॉर्म भरने के बाद अगर खाते में पैसा नहीं आता है तो आप नजदीक के ग्राम संगठन या क्षेत्र स्तरीय संगठन के ऑफिस में जाकर पता कर सकते हैं।

