डिजिटल डेस्क/ जमशेदपुर : कुड़मी समुदाय को जनजातीय (ST) सूची में शामिल करने की मांग के विरोध में आदिवासी समाज में भारी रोष है। इसी कड़ी में, आगामी 9 अक्टूबर को आदिवासी बचाओ संघर्ष मोर्चा के बैनर तले जमशेदपुर में उपायुक्त कार्यालय के सामने जन आक्रोश महारैली का आयोजन किया जाएगा।
रविवार को टुईलाडुंगरी स्थित सरना स्थल में हो समाज की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने कुर्मी/कुड़मी को आदिवासी का दर्जा दिए जाने को संविधान के खिलाफ बताया। सभी उपस्थित लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा और औजारों के साथ रैली को सफल बनाने का संकल्प लिया। परसुडीह, बारीगोड़ा, डुमकागोड़ा और बागुनहातु सहित कई क्षेत्रों में भी बैठकों का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।
मानकी मुंडा संघ, हो समुदाय और अन्य आदिवासी संगठनों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि कुर्मी समाज को जनजातीय सूची में शामिल करने का कोई भी प्रयास किया गया, तो इसका तीव्र विरोध किया जाएगा। रैली में विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग अपने पारंपरिक परिधानों में शामिल होंगे।

