फिलीपींस में एक बार फिर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। शुक्रवार सुबह स्थानीय समयानुसार 7:03 बजे मिंडानाओ क्षेत्र में 6.0 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। डर के कारण लोग घरों और इमारतों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
भूकंप इतना शक्तिशाली था कि कई इलाकों में धरती लंबे समय तक हिलती रही। फिलीपींस का यह इलाका पहले से ही भूकंपीय गतिविधियों के लिए जाना जाता है।
इसी के साथ, अफगानिस्तान में भी 4.3 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। यह झटका स्थानीय समयानुसार सुबह 4:53 बजे दर्ज हुआ। दोनों देशों में किसी बड़े नुकसान की सूचना फिलहाल नहीं है, लेकिन प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
गौरतलब है कि फिलीपींस में 30 सितंबर को आए भीषण भूकंप में 69 लोगों की मौत हो गई थी। उस समय आए 6.9 तीव्रता के झटकों ने सेबू प्रांत के बोगो शहर और उसके आसपास के गांवों को बुरी तरह तबाह कर दिया था। कई घर, नाइट क्लब और व्यापारिक प्रतिष्ठान ढह गए थे, जिनके मलबे में लोग फंस गए थे।
भूवैज्ञानिकों के अनुसार, उस भूकंप का केंद्र बोगो से 19 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था और यह समुद्र के नीचे पांच किलोमीटर की गहराई में आया था। बोगो एक तटीय शहर है जिसकी आबादी लगभग 90,000 है। मौतों में से आधी घटनाएं इसी क्षेत्र में दर्ज की गई थीं।
फिलहाल मिंडानाओ और आसपास के इलाकों में राहत और बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है तथा लोगों से शांति और सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

