हिंगोली (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में गुरुवार तड़के भूकंप के लगातार चार झटके महसूस किए गए, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, हिंगोली में सबसे पहला और सबसे तेज भूकंप रात 1:37 बजे आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.6 दर्ज की गई। इसका केंद्र धरती से 10 किलोमीटर की गहराई में था।
इसके बाद 2:15 बजे दूसरा झटका महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 3.6 रही। महज दो मिनट बाद 2:17 बजे तीसरा भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 3.9 दर्ज की गई। चौथा झटका 3:23 बजे महसूस हुआ, जिसकी तीव्रता 4.1 मापी गई। चारों भूकंपों का केंद्र लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में ही रहा।
लगातार आए झटकों के कारण कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और फिलहाल किसी प्रकार के नुकसान या हताहत होने की सूचना नहीं है।
भूकंप के झटकों का समय और तीव्रता
1:37 AM – तीव्रता 4.6
2:15 AM – तीव्रता 3.6
2:17 AM – तीव्रता 3.9
3:23 AM – तीव्रता 4.1
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

