40 सेकेंड में दो भूकंप के झटके, 7.5 तीव्रता से दहला वेनेजुएला! : दहशत में घरों से बाहर निकले लोग

KK Sagar
2 Min Read

दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में बुधवार को आए शक्तिशाली भूकंप ने लोगों में दहशत फैला दी। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार भूकंप की तीव्रता 7.5 मापी गई। खास बात यह रही कि मुख्य भूकंप से करीब 40 सेकेंड पहले 7.2 तीव्रता का एक और झटका महसूस किया गया, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

भूकंप का केंद्र युमारे शहर से लगभग 23 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित था। यह इलाका देश की कई प्रमुख तेल रिफाइनरियों के नजदीक माना जाता है। भूकंप के तेज झटकों के बाद लोग अपने घरों, कार्यालयों और अन्य इमारतों से निकलकर सड़कों और खुले मैदानों में पहुंच गए।

राजधानी कराकस समेत कई क्षेत्रों से सामने आए वीडियो में इमारतों को नुकसान पहुंचने, दीवारों के टूटने और धूल का गुबार उठने की तस्वीरें दिखाई दीं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग अपने परिवारों और पालतू जानवरों के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।

भूकंप के बाद अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्र ने केंद्र से 300 किलोमीटर के दायरे वाले तटीय क्षेत्रों के लिए खतरनाक सुनामी लहरों की आशंका जताई थी। हालांकि बाद में प्यूर्टो रिको और वर्जिन आइलैंड्स के लिए जारी सुनामी एडवाइजरी वापस ले ली गई।

इस भूकंप के झटके पड़ोसी देश कोलंबिया में भी महसूस किए गए, जहां सैकड़ों किलोमीटर दूर तक लोगों ने धरती हिलने की सूचना दी। फिलहाल जान-माल के नुकसान का आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है। राहत और बचाव दल प्रभावित इलाकों में पहुंचकर स्थिति का आकलन करने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में जुटे हुए हैं।

अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....