तोपचांची को मिली बड़ी स्वास्थ्य सौगात, नवस्थापित डायलिसिस केंद्र का हुआ उद्घाटन

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद: तोपचाँची क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नवस्थापित डायलिसिस केंद्र का गुरुवार को उद्घाटन किया गया। केंद्र का उद्घाटन टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, उपायुक्त आदित्य रंजन तथा उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि यह केंद्र क्षेत्र के मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। डायलिसिस केंद्र शुरू होने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी तथा समय पर इलाज मिलने से गंभीर मरीजों की जान बचाई जा सकेगी।

इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि अब क्षेत्र के मरीजों को डायलिसिस कराने के लिए धनबाद या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त डायलिसिस सेवा उपलब्ध होने से मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेगा।

Advertisement

उन्होंने बताया कि केंद्र में आयुष्मान भारत समेत विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत पात्र मरीजों को नि:शुल्क डायलिसिस की सुविधा मिलेगी। मरीजों के उपचार के लिए अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनें एवं आवश्यक जीवन रक्षक उपकरण स्थापित किए गए हैं। साथ ही प्रशिक्षित तकनीशियन और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भी तैनात की गई है।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा, उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने सरकार और जिला प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि डायलिसिस केंद्र की स्थापना से क्षेत्र के हजारों मरीजों को लाभ मिलेगा और यह स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....