रामगढ़: रामगढ़ शहर के चट्टी बाजार, लोहार टोला और सुभाष चौक जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में खुलेआम पटाखों का अवैध कारोबार बादस्तूर जारी है। इन इलाकों में बिना किसी अनुमति के पटाखे बेचे जा रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में पटाखों का भंडारण और बिक्री दोनों ही हो रहे हैं, जबकि सुरक्षा मानकों का कोई पालन नहीं किया जा रहा है।
इस संबंध में जब रामगढ़ के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अनुराग कुमार तिवारी से बात की गई, तो उन्होंने कहा —
“इसकी सूचना हमें मिली है। रामगढ़ के अंचल अधिकारी को जांच का आदेश दे दिया गया है।”
वहीं उपायुक्त कार्यालय के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अब तक 36 लोगों ने पटाखा बिक्री के लिए लाइसेंस हेतु आवेदन दिया है। हालांकि कई दुकानें बिना लाइसेंस के पटाखों की बिक्री कर रही हैं।
इस मामले में कार्यपालक दंडाधिकारी रीना कुजूर से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
फिलहाल जांच का आदेश जारी कर दिया गया है, लेकिन भीड़भाड़ वाले इलाकों में पटाखों की खुलेआम बिक्री और भंडारण से स्थानीय लोगों में दहशत और प्रशासन की कार्यवाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

