देशभर में मौसम का बदला मिजाज : उत्तर भारत में ठंड की दस्तक, दक्षिण में ‘मोंथा’ का असर बरकरार : बिहार के कई जिलों में बारिश का अलर्ट

KK Sagar
4 Min Read

नई दिल्ली। अक्टूबर के आख़िरी दिनों में देशभर का मौसम तेजी से करवट ले रहा है। एक ओर दक्षिण भारत में चक्रवात ‘मोंथा’ (Cyclone Montha) का प्रभाव अब भी जारी है, वहीं उत्तर भारत में सर्द हवाओं ने दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक कई राज्यों में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना जताई है। इस दौरान बारिश, ठंडी हवाएं, कोहरा और गिरते तापमान से लोगों को ठंड का एहसास होने लगेगा।


उत्तर भारत में ठंड की शुरुआत

हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में अब मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। कई जगहों पर हल्की बारिश और कोहरे की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 30 और 31 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार के कई इलाकों में गरज के साथ बारिश हो सकती है।


दिल्ली में बढ़ी ठंड और धुंध

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को बादल और धुंध छाई रही। आज (30 अक्टूबर) दिल्ली का न्यूनतम तापमान 17-18 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा। हल्की हवाएं चलने से रात के समय ठंड बढ़ सकती है। हालांकि प्रदूषण के स्तर में मामूली सुधार हुआ है, लेकिन वायु गुणवत्ता अभी भी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है।


हिमाचल-उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना

हिमाचल प्रदेश में अगले 4-5 दिनों तक मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन तापमान में गिरावट से सर्दी तेज होगी। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है।
वहीं उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। इससे पहाड़ों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी ठंड का असर बढ़ेगा।


उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि आज गुरुवार (30 अक्टूबर) को उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि पूर्वी जिलों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, आजमगढ़ और लखनऊ में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं बिहार में भी मौसम में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पटना, भागलपुर, मुंगेर, कटिहार, जमुई समेत 9 जिलों में अगले 48 घंटे के भीतर तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।


राजस्थान में सर्दी ने दी दस्तक

राजस्थान में सर्दी की शुरुआत हो चुकी है। चित्तौड़गढ़ में भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि बीकानेर और शेखावाटी क्षेत्र में बादलों का डेरा बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक गिर सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।


दक्षिण भारत में अब भी ‘मोंथा’ का असर

इस बीच दक्षिण भारत में चक्रवात मोंथा का प्रभाव बना हुआ है। आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में तेज हवाएं और भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....