बिहार विधानसभा चुनाव अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का प्रचार अभियान आज समाप्त हो जाएगा। 11 नवंबर को 122 सीटों पर मतदान होना है। प्रचार के अंतिम दिन सभी प्रमुख दलों के दिग्गज नेता मैदान में हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, यूपी के सीएम योगी मैदान में हैं। साथ ही विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी प्रचार अभियान के लिए जोर लगाएंगे।

सासाराम और अरवल में अमित शाह की जनसभा
बिहार में दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है। ऐसे में आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। बिहार में आज चुनाव प्रचार के आखिरी दिन गृह मंत्री अमित शाह सासाराम और अरवल में जनसभा करेंगे। शाह की रैलियों की तैयारियां पूरी कर ली गई है।
नीतीश कुमार करेंगे कई रैली
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज रोहतास, औरंगाबाद और कैमूर जिलों में जनसभाएं करेंगे। आज चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है।
योगी चार जिलों में देंगे प्रचार को धार
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चार जिलों सीतामढ़ी, समस्तीपुर, पश्चिम चंपारण और मधुबनी में रैलियां करेंगे।
राहुल और तेजस्वी की भी ताबड़तोड़ रैली
बिहार विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के प्रचार के आखिरी दिन आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी किशनगंज में एक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी की यह रैली सीमांचल के मुस्लिम बहुल इलाकों में महागठबंधन के लिए राजनीतिक रूप से अहम मानी जा रही है। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव अरवल, रोहतास, औरंगाबाद, जहानाबाद और कैमूर में जनसभाएं करेंगे।

