Bihar: क्या घर वापसी की तैयारी में बिहारी बाबू? टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने की नीतीश की जमकर प्रशंसा

Reena Sharma
3 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों ने राज्य की राजनीति का पूरा माहौल बदल दिया है। एनडीए को 202 सीटों के साथ बंपर जीत मिली है। भाजपा और जेडीयू ने 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिनमें भाजपा को 89 और जेडीयू को 85 सीटें मिलीं। नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़े गए चुनाव में मिली प्रचंड जीत के बाद विरोधियों की बोलती बंद हैं। इसी बीच टीएमसी सांसद और बॉलीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की है।

नीतीश को बताया सबसे सफल मुख्यमंत्री

बिहार की राजनीति और भाजपा के पुराने दौर में अहम भूमिका निभा चुके शत्रुघ्न सिन्हा ने एनडीए की इस बड़ी जीत पर दिल खोलकर बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि बिहार की जनता ने अपनी पसंद की सरकार चुनी है और सबसे सम्मानित व सज्जन नेता नीतीश कुमार पर एक बार फिर भरोसा जताया है। उन्होंने नीतीश कुमार को बिहार का सबसे आजमाया हुआ और सफल मुख्यमंत्री बताया। साथ ही एनडीए के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं

पीएम मोदी को दी थी बधाई

Advertisement

शत्रुघ्न सिन्हा ने इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी उनके जन्मदिन के मौके पर बधाई दी थी और पुरानी तस्वीर साझा कर याद दिलाई कि “एक बार के दोस्त हमेशा दोस्त होते हैं।”

घर वापसी की अटकलें तेज

शत्रुघ्न सिन्हा 1980 के दशक में भाजपा से जुड़े थे। वह 1990 में पहली बार भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा और दिल्ली की न्यू दिल्ली सीट से सांसद चुने गए। यह जीत उनके राजनीतिक करियर की शुरुआत थी। हालांकि, 2019 में पार्टी नेतृत्व के साथ मतभेद बढ़ने के कारण पटना साहिब से टिकट नहीं मिलने के बाद सिन्हा ने भाजपा छोड़कर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में शामिल होने का निर्णय लिया। 2024 के आम चुनाव में वह टीएमसी के टिकट पर आसनसोल से सांसद बने। लेकिन अब बीते कुछ समय से उनकी भाजपा और एनडीए नेतृत्व की खुले तौर पर तारीफ करने की प्रवृत्ति ने राजनीतिक गलियारों में घर वापसी की अटकलें तेज कर दी हैं।

Share This Article