Bihar : नरेंद्र नारायण यादव बने बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष, निर्विरोध चुने गए

Reena Sharma
2 Min Read

नरेंद्र नारायण यादव बिहार विधानसभा के डिप्टी स्पीकर चुन लिए गए हैं। नरेंद्र नारायण यादव निर्विरोध बिहार विधानसभा के डिप्टी स्पीकर निर्वाचित हुए। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उनके प्रस्तावक और जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी अनुमोदनकर्ता थे। स्पीकर प्रेम कुमार ने ध्वनिमत से नरेंद्र यादव के पक्ष में बहुमत घोषित किया। बता दें कि नरेंद्र नारायण इस बार प्रोटेम स्पीकर बने थे। नवनिर्वाचित विधायकों को उन्होंने ही शपथ दिलाई थी।

बुधवार को इस पद के लिए उनका नामांकन दाखिल किया गया और केवल एक ही नामांकन होने के कारण उनको निर्विरोध चुना गया। 17वीं विधानसभा में भी वे सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुने गए थे।

आलमनगर से लगातार 8वीं बार जीत दर्ज की

Advertisement

नरेंद्र नारायण यादव ने मधेपुरा जिले की आलमनगर विधानसभा सीट चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। उन्होंने वीआईपी के उम्मीदवार नवीन कुमार को हराया था। जदयू प्रत्याशी ने वीआईपी के उम्मीदवार को करीब 55 हजार वोटों से मात दी है। नरेंद्र नारायण यादव ने आलमनगर से लगातार 8वीं बार जीत दर्ज की है। वहीं, नरेंद्र नारायण यादव को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का करीबी माना जाता है।

सीएम नीतीश के हैं करीबी

राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सबसे करीबी और विश्वसनीय नेताओं में नरेंद्र नारायण यादव भी शुमार किए जाते रहे हैं। नरेंद्र नारायण यादव 1995 में पहली बार विधायक बने। नरेंद्र नारायण यादव बिहार के वरिष्ठ नेता हैं और वे जनता दल (यूनाइटेड) से जुड़े हैं। वे 1995 से आलमनगर विधानसभा क्षेत्र से लगातार विधायक रहे हैं। इसके अलावा वे बिहार सरकार में कानून और लघु जल संसाधन मंत्री भी रह चुके हैं। फरवरी 2024 में वे बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष बने। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के बाद, 24 नवंबर 2025 को नरेंद्र नारायण यादव को बिहार विधानसभा का प्रोटम स्पीकर नियुक्त किया गया। प्रोटम स्पीकर के रूप में इन्होंने विधायकों को शपथ दिलाई और नए विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव भी अपने संरक्षण में कराया।

Share This Article