डिजिटल डेस्क/ जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार बड़ी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में दो अलग-अलग अभियानों में पुलिस ने एक ब्राउन शुगर पेडलर और एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पोटका में ब्राउन शुगर पेडलर गिरफ्तार
पोटका थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देवल मंडल नामक ब्राउन शुगर पेडलर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 15 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसका कुल वजन 2.35 ग्राम बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, देवल मंडल हाता, हल्दीपोखर, रसूनचोपा, कलिकापुर सहित आसपास के क्षेत्रों में ब्राउन शुगर की सप्लाई करता था। पुलिस को लगातार इस अवैध कारोबार को लेकर सूचना मिल रही थी, जिसके आधार पर छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा गया। पोटका थाना प्रभारी मनोज कुमार मुर्मू ने कहा कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है।
बागबेड़ा में 446 ग्राम गांजा के साथ तस्कर धराया
नशा के खिलाफ अभियान के तहत, बागबेड़ा पुलिस को गुप्त सूचना मिली जिसके आधार पर पोस्तोनगर में छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने इस दौरान विजय राम नामक गांजा तस्कर को 446 ग्राम गांजा के साथ पकड़ने में सफलता प्राप्त की।
बागबेड़ा थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक जेवियर होरो के बयान पर विजय राम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी विजय राम ने अपने एक अन्य सहयोगी की जानकारी भी दी है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों (देवल मंडल और विजय राम) को अदालत में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने साफ किया है कि नशे के व्यापार में शामिल सभी लोगों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

