बिहार में अपराधी एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते दिख रहे हैं। बेगूसराय जिले से एक बार फिर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां बेखौफ अपराधियों ने घर में घुसकर सोए हुए जनता दल यूनाइटेड (जदयू) नेता को मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान 37 वर्षीय नीलेश कुमार के रूप में हुई है, जो हाल तक पार्टी के पंचायत अध्यक्ष रह चुके थे और विधानसभा चुनाव में भी काफी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

नींद में जदयू नेता पर बरसायीं गोलियां
छौड़ाही थाना क्षेत्र के पीर नगर गांव में देर रात बेखौफ अपराधियों ने घर में घुसकर सोए हुए जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष निलेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। परिजनों के मुताबिक, निलेश कुमार सोए हुए थे। तभी आधा दर्जन से ज्यादा अपराधी वहां पहुंचे और बिना कुछ बोले सोए अवस्था में ही ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। तीन गोलियां लगने से निलेश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गोलीबारी की आवाज सुनकर जब लोग दौड़े, तब तक अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो चुके थे।
पुराने जमीन विवाद की हत्या की आशंका
मृतक के पिता रामबली महतो ने बताया कि उनका बेटा कुछ दिन पहले तक जदयू का पंचायत अध्यक्ष था और हाल के विधानसभा चुनाव में पूरी मजबूती से लगा हुआ था। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ साल पहले गांव में जमीन को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें एफआईआर भी दर्ज हुई थी। पुलिस भी फिलहाल इसी पुराने विवाद को हत्या की वजह मानकर जांच कर रही है।
बढ़ते अपराध को लेकर लोगों में नाराजगी
घटना के बाद ग्रामीणों में पुलिस की नाकामी को लेकर जबरदस्त आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर पुलिस का कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। इधर, सूचना मिलते ही छौड़ाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया।

