Bihar:जब सीएम नीतीश ने नितिन नवीन को बताया था आगे बढ़ने का रास्ता, वायरल हो रहा वीडियो 

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया है। सोमवार को नितिन नवीन ने दिल्ली में अपना कार्यभार भी संभाल लिया। दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नवीन ने पदभार ग्रहण किया। पार्टी के छोटे कार्यकर्ता को इतना बड़ा ओहदा मिलने की घटना की हर तरफ चर्चा है। इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विधानसभा में दिया एक भाषण चर्चा में है।

पुराना वीडियो वायरल हो रहा

नितिन नवीन को बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नितिन नवीन से जुड़ा हुआ है।इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महागठबंधन सरकार के समय भाजपा विधायक नितिन नवीन को सीख दे रहे हैं।

बीजेपी विधायक नितिन नवीन पर भड़क गए थे नीतीश

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो 2022 का है जब नीतीश कुमार ने बीजेपी का दामन छोड़ दिया था और वे आरजेडी के साथ चले गए थे। आज सत्ता में नीतीश के मंत्री नवीन तब विपक्ष में थे। उस वक्त सदन  में नीतीश कुमार बीजेपी विधायक नितिन नवीन पर भड़क गए थे।

क्या बोले थे नीतीश

सीएम ने सदन में कह रहे थे, भाई नंद किशोर यादव तो हमारे पुराने मित्र हैं, लेकिन उनको भी मंत्री नहीं बनाया गया। नीतीश कुमार के इतना कहते ही बीजेपी के विधायक और खासकर नितिन नबीन अपनी सीट से उठे और सीएम को टोकने लगे। तभी सीएम नीतीश कुमार ने कहा- “तुम क्या जानते हो, बैठो न। जिस दिन तुम्हारे पिताजी की मृत्यु हो गई थी, उस समय पूरे पटना में मात्र 18 प्रतिशत वोट हुआ था। हम लोग आपके लिए काम कर रहे थे। आपके पिताजी के साथ मेरा क्या संबंध पौराणिक है, उनका डेथ हो गया। तुरंत हमलोग सरकार में आए। उस समय आपको ही बनाया गया। कितना प्रेम करते रहे। कितना सम्मान देते रहे। देखो, बोलना जरूर। बोलोगे तभी केंद्र वाला आगे बढ़ाएगा। नहीं अगर मेरे खिलाफ बोलोगे तो कोई नहीं आगे बढ़ाएगा।

Share This Article