बिहार की राजधानी पटना में नए साल की शुरुआत यात्रियों की जेब पर बोझ पड़ने वाला है। साल 2026 की पहली सुबह राजधानी पटना के आम यात्रियों के लिए महंगाई की खबर लेकर आई है। नए साल के जश्न के बीच पटना ऑटो मेंस यूनियन ने ऑटो किराए में वृद्धि का निर्णय लिया है।

किराये में 33% की बढ़ोतरी का ऐलान
गांधी मैदान में हुई ऑटो मेंस यूनियन की बैठक में एकतरफा फैसला लेते हुए किराये में 33% की बढ़ोतरी का ऐलान किया गया है। अब यात्रियों को गांधी मैदान से पटना जंक्शन मल्टीलेवल पार्किंग तक के लिए 15 की जगह 20 रुपए चुकाने होंगे। ऑटो मेंस यूनियन ने यह फैसला पहली जनवरी यानी आज से लागू करने का ऐलान किया है।
किराया बढ़ोतरी की वजह
यूनियन के महासचिव अजय कुमार पटेल का कहना है कि परिवहन विभाग को कई बार किराया संशोधन के लिए पत्र दिया गया, लेकिन कोई पहल नहीं हुई। मजबूरी में ऑटो चालकों को खुद ही किराया बढ़ाने का फैसला लेना पड़ा।
यातायात व्यवस्था में बदलाव के बाद बढ़ा किराया
ये फैसला ऐसे समय में आया है जब शहर के मुख्य रास्तों पर मेट्रो का काम चल रहा है और यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदली हुई है। यूनियन का दावा है कि नई यातायात व्यवस्था और रूट में बदलाव के कारण उनकी रोजमर्रा की लागत बढ़ गई है। ऑटो मेंस यूनियन के महासचिव अजय कुमार पटेल के अनुसार, फ्रेजर रोड और आकाशवाणी क्षेत्र में मेट्रो कार्य के कारण पुराने रास्ते बंद हैं। अब ऑटो को एसपी वर्मा रोड और डाकबंगला चौराहा होते हुए जाना पड़ रहा है। इस नए रूट से दूरी लगभग 1.5 किलोमीटर बढ़ गई है।
प्रशासन ने इस फैसले को बताया मनमाना
प्रशासन ने इस फैसले को मनमाना करार दिया है, जिससे यूनियन और अधिकारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि बिना अनुमति किराया बढ़ाना नियमों के खिलाफ है। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने कहा कि गांधी मैदान से पटना जंक्शन तक ऑटो किराया बढ़ाने की शिकायत मिली है और इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कोई भी चालक या यूनियन अपने मन से किराया नहीं बढ़ा सकता। परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस को भी इस मामले की जानकारी नहीं दी गई है।

