बिहार के चर्चित IRCTC घोटाला मामले की सुनवाई आज दिल्ली हाईकोर्ट में होगी। पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव ने निचली अदालत के आरोप तय करने को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। 13 अक्टूबर को राऊज एवेन्यू कोर्ट ने इस मामले में लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के खिलाफ आरोप तय किया था।

दिल्ली हाईकोर्ट सोमवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की उस याचिका पर सुनवाई करेगा, जिसमें उन्होंने आईआरसीटीसी होटल घोटाला मामले में उनके और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के आरोप तय करने के निचली अदालत के फैसले को चुनौती दी है।
याचिका में क्या?
अपनी याचिका में, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख ने दावा किया है कि आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार, आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी से संबंधित अपराधों के लिए आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त आधार नहीं हैं।उनकी आपराधिक पुनरीक्षण याचिका में राउज एवेन्यू कोर्ट के उनके और अन्य परिवार के सदस्यों के खिलाफ आपराधिक आरोप तय करने के आदेश को चुनौती दी गई है।
जस्टिस स्वर्णकांत शर्मा की बेंच करेगी सुनवाई
लालू यादव की याचिका दिल्ली हाईकोर्ट में जस्टिस स्वर्णकांत शर्मा की बेंच के सामने सुनवाई के लिए सूचीबद्ध की गई है। इस सुनवाई को लेकर दोनों पक्षों लालू परिवार और जांच एजेंसी की नजरें हाईकोर्ट की पीठ पर टिकी हैं।
2017 में मामले में जांच शुरू हुई
IRCTC घोटाले का यह मामला पिछले कई सालों से कोर्ट में विचाराधीन है। सीबीआई ने इस मामले में जांच करते हुए लालू यादव और अन्य आरोपियों के खिलाफ सालों पहले एफआईआर दर्ज की थी। मामला 2004 से 2009 के बीच रेलवे के दो आईआरसीटीसी होटलों के संचालन में हुई कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। आरोप है कि तब रेल मंत्री रहे लालू यादव ने निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के बदले में उनसे अपने करीबी लोगों के नाम पर जमीन ली थी। सीबीआई ने 2017 में इस मामले में जांच शुरू की थी और बाद में चार्जशीट दाखिल की थी। अब देखना होगा कि हाईकोर्ट में लालू यादव की दलीलों पर अदालत क्या रुख अपनाती है।

