दिल्ली-एनसीआर में सुबह भूकंप के हल्के झटके, लोग घरों से निकले बाहर

KK Sagar
2 Min Read

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। भूकंप सुबह 8 बजकर 44 मिनट पर आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.8 मापी गई है।

एनसीएस ने बताया कि भूकंप का केंद्र उत्तर दिल्ली में स्थित था, जबकि इसकी गहराई लगभग 5 किलोमीटर थी। झटके हल्के होने के कारण किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

भूकंप के दौरान कई इलाकों में लोगों ने कुर्सी, पंखे और अन्य घरेलू सामान हिलते हुए महसूस किए। सुबह-सुबह धरती हिलने से घबराए कई लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। हालांकि कुछ ही सेकंड में झटके थम गए।

प्रशासन की ओर से फिलहाल किसी प्रकार के नुकसान की पुष्टि नहीं की गई है। आपदा प्रबंधन एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर भूकंप संवेदनशील जोन-4 में आता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस क्षेत्र में समय-समय पर आने वाले छोटे भूकंप बड़े झटकों की चेतावनी भी हो सकते हैं, इसलिए लोगों को भूकंप से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक और तैयार रहना चाहिए।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....