महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार का बुधवार सुबह बारामती के पास हुए एक भीषण विमान हादसे में निधन हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब अजित पवार चुनावी जनसभा को संबोधित करने मुंबई से बारामती जा रहे थे। इस खबर के बाद पूरे देश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित राज्य के तमाम बड़े नेताओं ने इस घटना पर स्तब्धता व्यक्त की है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

सीएम नीतीश ने जताया शोक
सीएम नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा, यह विमान हादसा अत्यंत पीड़ादायक है और मैं इस घटना से मर्माहत हूं। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि “अजित पवार एक कर्मठ और कुशल राजनेता थे। महाराष्ट्र की राजनीति में उनका अहम योगदान था। वे मृदुभाषी, बेहद मिलनसार और लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन से न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।” मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शान्ति और उनके परिजनों और प्रशंसकों को इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।”
लालू ने की हादसे की उच्च स्तरीय जांच की मांग
वहीं, लालू यादव ने कहा, “बारामती प्लेन हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम श्री अजीत पवार जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे तथा परिजनों और समर्थकों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की क्षमता प्रदान करे। हादसे की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। विनम्र श्रद्धांजलि।“
सम्राट चौधरी ने जताया शोक
हादसे पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक बताते हुए एक्स पर ट्वीट किया है। सम्राट चौधरी ने ट्विटर पर लिखा, “महाराष्ट्र के बारामती में हुई भीषण हवाई जहाज दुर्घटना में महाराष्ट्र के माननीय उपमुख्यमंत्री एवं NCP के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अजीत पवार जी सहित कई लोगों के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!”
विजय सिन्हा बोले- खबर अत्यंत हृदयविदारक
बिहार डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने ट्वीट किया, ‘अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक समाचार! महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे में माननीय उपमुख्यमंत्री अजित पवार जी के निधन की खबर अत्यंत हृदयविदारक है। यह घटना देश और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। NCP के एक सशक्त नेता के रूप में उन्होंने जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में अमिट योगदान दिया। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा इस दुःख की घड़ी में NCP के समस्त नेताओं, समर्थकों, अनुयायियों एवं शोकाकुल परिजनों को धैर्य, शक्ति और संबल प्रदान करें। ॐ शांति’।

