Bihar: बिहार के कई कोर्ट परिसरों को उड़ाने की धमकी, मुजफ्फरपुर से भागलपुर तक मचा हड़कंप

Neelam
By Neelam
4 Min Read

बिहार से एक बार फिर कई जिलों के कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। प्रदेश में एक साथ सिवान, बेगूसराय, भागलपुर और मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों के सिविल कोर्ट (व्यवहार न्यायालय) को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलते ही न्यायालय परिसरों में हड़कंप मच गया और सुरक्षा के मद्देनज़र तत्काल अदालतों को खाली कराया गया। धमकी ईमेल से दी गई है।

धमकी के बाद भागलपुर कोर्ट में मचा हड़कंप

भागलपुर कोर्ट के प्रशासनिक अधिकारी ने जिलाधिकारी, एसएसपी और नवगछिया एसपी को पत्र लिखकर बताया है कि सिविल कोर्ट प्रांगण के अंदर बम ब्लास्ट की धमकी मेल से मिली है। इसपर त्वरित संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करें और कड़ी सुरक्षा जांच करें। धमकी के बाद कोर्ट के बाहर से अंदर तक गहमागहमी की स्थिति पैदा हो गई।

बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया 

भागलपुर की तरह सीवान सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यहां भी धमकी ई-मेल के माध्यम से भेजी गई है। ई-मेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस प्रशासन तत्काल हरकत में आ गई। एहतियातन सिविल कोर्ट को खाली कराया गया और पूरे परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड को सूचना भेजी गई है। ट्रैफिक डीएसपी खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

मुजफ्फरपुर जिला जज के ई-मेल पर धमकी

मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जिला जज के ई-मेल पर धमकी भेजी गई है। मेल मिलने के बाद जिला एवं प्रधान न्यायाधीश ने तत्काल इसकी जानकारी एसएसपी मुजफ्फरपुर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हैं और कोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली गी।

बेगूसराय व्यवहार न्यायालय को भी उड़ाने की मिली धमकी

भागलपुर, सीवान, मुजफ्फरपुर के अलावा बेगूसराय व्यवहार न्यायालय को भी उड़ाने की धमकी मिली है। जिला जज ऋषिकांत के सरकारी ई-मेल पर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा कारणों से सभी जज, वकील और कर्मचारी तुरंत कोर्ट परिसर खाली कर बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि जिला जज के मेल पर आए संदेश में दोपहर 1 बजकर 45 मिनट पर कोर्ट परिसर में धमाके की बात कही गई थी।

समस्तीपुर सिविल कोर्ट को भी उड़ाने की मिली धमकी

वहीं, समस्तीपुर जिले के सिविल कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल के जरिए मिलने के बाद प्रशासन और न्यायिक महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला जज के निर्देश पर सिविल कोर्ट परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। समस्तीपुर एएसपी संजय पांडे के नेतृत्व में पुलिस की टीम द्वारा सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

Share This Article