डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के रूगुड़साई स्थित माउंट कारमेल इंग्लिश मीडियम स्कूल के छात्रावास से लापता हुए सातवीं कक्षा के दो नाबालिग छात्रों को पुलिस ने महज 48 घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। बुधवार को पुलिस टीम ने दोनों बच्चों को डांगुवापोसी रेलवे स्टेशन के पास से खोज निकाला।
क्या है पूरा मामला?
दोनों छात्र 2 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे छात्रावास से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद जब बच्चों का पता नहीं चला, तो परेशान परिजनों ने जगन्नाथपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सनहा संख्या 20/26 और 21/26 दर्ज कर मामले की सूचना पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक को दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
SP के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर जाल बिछाया और 4 फरवरी को दोनों बच्चों को डांगुवापोसी रेलवे स्टेशन के समीप से सुरक्षित ढूंढ निकाला। पुलिस की सक्रियता के कारण बच्चों को सही समय पर ढूंढ लिया गया। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों छात्रों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।
टीम में शामिल रहे अधिकारी
इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में मुख्य रूप से रफाएल मुर्मु (अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी), बासुदेव मुंडा (पुलिस निरीक्षक), टिंकु कुमार दास (जगन्नाथपुर थाना प्रभारी) थाना के अन्य सशस्त्र बल और जवान की अहम भूमिका रही। बच्चों के सकुशल घर लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है और जगन्नाथपुर पुलिस की कार्यशैली की जमकर सराहना की है।

