डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : अगर आप स्नातक हैं और बैंकिंग सेक्टर में अपना करियर बनाने का सपना देख रहे हैं, तो पंजाब नेशनल बैंक आपके लिए एक शानदार अवसर लेकर आया है। पीएनबी ने अप्रेंटिस एक्ट 1961 के तहत विभिन्न राज्यों के लिए कुल 5,138 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि इसमें चयन के बाद युवाओं को एक साल की ट्रेनिंग के साथ-साथ आकर्षक स्टाइपेंड भी मिलेगा।
ट्रेनिंग का स्वरूप और अवधि
इस प्रोग्राम की कुल अवधि 12 महीने की होगी। चयनित उम्मीदवारों को पहले दो सप्ताह की बेसिक ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसके बाद अगले 50 हफ्तों तक उन्हें बैंक के कामकाज को करीब से समझने के लिए ऑन-जॉब ट्रेनिंग दी जाएगी।
योग्यता और आयु सीमा
इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक होना अनिवार्य है। आयु सीमा की बात करें तो आवेदन करने वाले युवाओं की न्यूनतम उम्र 20 वर्ष और अधिकतम उम्र 28 वर्ष निर्धारित की गई है। हालांकि, आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
कितना मिलेगा स्टाइपेंड?
ट्रेनिंग के दौरान उम्मीदवारों को उनके कार्यक्षेत्र के आधार पर स्टाइपेंड दिया जाएगा। मेट्रो सिटी की शाखाओं में काम करने वाले अप्रेंटिस को 15,000 रुपये प्रति माह मिलेंगे, जबकि ग्रामीण, अर्ध-शहरी और अन्य शहरी क्षेत्रों की शाखाओं में नियुक्त होने वाले उम्मीदवारों को 12,300 रुपये प्रति माह का स्टाइपेंड दिया जाएगा।
चयन प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तिथि
पीएनबी में इन पदों पर चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। इसके बाद सफल उम्मीदवारों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, लोकल लैंग्वेज टेस्ट और मेडिकल एग्जामिनेशन होगा। इच्छुक उम्मीदवार पंजाब नेशनल बैंक की आधिकारिक वेबसाइट pnbbank.in पर जाकर ‘Recruitments’ सेक्शन में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 24 फरवरी, 2026 निर्धारित की गई है।

