नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 1800 बोतल शराब व 900 लीटर स्पिरिट जब्त

KK Sagar
2 Min Read

बोकारो। नगरपालिका आम चुनाव 2026 एवं होली पर्व को लेकर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली विदेशी शराब बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त उत्पाद, बोकारो के निर्देशानुसार गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

उत्पाद विभाग की टीम ने जरीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत रोरिया गांव (टोला तिलायतंड) में छापेमारी कर एक मकान से नकली विदेशी शराब निर्माण की अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया।

छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांड की कुल 1800 बोतल विदेशी शराब (534.600 लीटर) बरामद की गई। जब्त शराब में मैकडॉवेल, स्टर्लिंग बी7, रॉयल स्टैग, आइकोनिक वाइट एवं रॉयल चैलेंज जैसे ब्रांड शामिल हैं। इसके साथ ही 8 जर्किन में लगभग 900 लीटर स्पिरिट, भारी मात्रा में नकली ईएएल, विभिन्न ब्रांड्स के स्टीकर, ढक्कन, खाली बोतलें तथा कारमेल मिक्सर भी जब्त किए गए।

उत्पाद विभाग ने बताया कि आगामी नगरपालिका आम चुनाव 2026 और होली पर्व को देखते हुए अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई, जिससे अवैध शराब के कारोबार पर बड़ा प्रहार हुआ है।

मामले में कुंडोरी निवासी राजा बाबू, बस्तेजी निवासी संतोष मुर्मू एवं रोरिया निवासी दुर्गा चरण हँसदाह के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....