राजद ने रामविलास को कहा ‘बेचारा’, बिहार विधानसभा में मचा बवाल, तेजस्वी से माफी की मांग

Neelam
By Neelam
2 Min Read

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के एक विधायक द्वारा लोजपा के संस्थापक और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान को ‘बेचारा’ कहे जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को बिहार विधानसभा में लोजपा (रामविलास) के विधायकों ने जमकर हंगामा किया। वहीं, दूसरी ओर पटना की सड़कों पर भी लोजपा (रामविलास) समर्थकों का भारी गुस्सा देखने को मिला।

दिवंगत रामविलास पासवान पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप

सोमवार को बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही लोजपा (रा) के विधायकों ने जोरदार हंगामा किया, जिससे कुछ देर के लिए सदन की कार्यवाही बाधित भी हुई। पार्टी के विधायक राजू तिवारी ने विपक्षी विधायकों पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने सदन में अपनी बात रखते हुए कहा कि विपक्ष के कई नेताओं द्वारा पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिवंगत नेता रामविलास पासवान को लेकर आपत्तिजनक और गलत टिप्पणी की गई है।

सार्वजनिक रूप से माफी की मांग

विधायक राजू तिवारी ने आरोप लगाया कि विपक्ष के कुछ नेता दलित समाज का बराबर अपमान करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे नेता रामविलास पासवान जीवनभर दलितों, गरीबों और वंचितों की आवाज़ उठाते रहे। ऐसे सम्मानित नेता के खिलाफ टिप्पणी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने सदन में स्पष्ट शब्दों में कहा कि विपक्षी नेताओं को अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए और सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

किसने किया रामविलास का “अपमान”?

बता दें कि विधानसभा के बजट सत्र के दौरान राजद के विधायक कुमार सर्वजीत ने लोजपा के प्रमुख रहे स्वर्गीय रामविलास पासवान के लिए ‘बेचारा’ शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसे लेकर पार्टी के नेता आपत्ति जता रहे हैं।

पटना की सड़कों पर दिखा लोजपा समर्थकों का गुस्सा

वहीं, दूसरी तरफ रामविलास पासवान को लेकर दिए गए को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और लोजपा (रामविलास) के समर्थकों का पटना की सड़कों पर भारी गुस्सा देखने को मिला। पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं ने रविवार को पटना के कारगिल चौक पर जमकर प्रदर्शन किया और राजद नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का पुतला भी जलाया।

Share This Article