बिहार विधानसभा की कार्यवाही के दौरान डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो के सामने आते ही राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस हमलावर है। वीडियो में सम्राट चौधरी सदन में कुछ खाते हुए दिख रहे हैं। वो एक हाथ से अपने दूसरे हाथ को ढकते हुए चेहरे के पास ले जाते हैं और मुंह में कुछ डालते हुए दिख रहे हैं। इसको लेकर राजद और कांग्रेस का दावा है कि डिप्टी सीएम सदन में खैनी (तंबाकू) खा रहे थे
आरजेडी के तीखे तंज
कांग्रेस और राजद ने इस वीडियो को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से शेयर कर उपमुख्यमंत्री पर तीखे तंज कसे हैं। राजद ने वीडियो शेयर कर लिखा, “सदन में खैनी खाने की निंजा तकनीक! 80 चुटकी 90 ताल, रगड़ के… मुंह में डाल। ये हैं बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी।” वहीं, बिहार कांग्रेस ने यह वीडियो पोस्ट करते हुए कैप्शन दिया, “बनाओ खैनी रे…।”
कांग्रेस ने ली चुटकी
वहीं, दूसरी ओर बिहार कांग्रेस ने भी इसी वीडियो का क्लिप एक्स पर शेयर किया है। इसे शेयर करते हुए कांग्रेस ने लिखा’ ‘बनाओ खैनी रे….’ बैकग्राउंड में भोजपुरी गीत बज रहा है- ‘मेहर ना चुनौटी देली, धइले बा बेचैनी, बनावअ तनी खैनी’। इस गीत का मतलब है- पत्नी ने खैनी की डिबिया नहीं दी है, खाए बिना बेचैनी हो रही है, सो खैनी बनाओ जरा।’ इस तरह कांग्रेस ने भी डिप्टी सीम पर चुटकी ली है।
सोशल मीडिया पर घिरे डिप्टी सीएम
वीडियो में सम्राट चौधरी के हाथ रगड़ने का अंदाज बिल्कुल वैसा ही है जैसा पारंपरिक रूप से बिहार में खैनी बनाने के लिए किया जाता है। हालांकि, वीडियो से यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि उनके हाथ में तंबाकू ही था या कुछ और। सोशल मीडिया पर लोग इसे तंबाकू से ही जोड़कर मजे ले रहे हैं

