देश की राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में एआई इंपैक्ट समिट चल रहा है। इस समिट में दुनियाभर के दिग्गज शामिल हो रहे हैं। इस बीच इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत मंडपम में टॉपलेस होकर विरोध प्रदर्शन किया।
‘पीएम इज कंप्रोमाइज’ के लगे नारे
भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर उग्र विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भारत मंडपम के अलग-अलग पवेलियन में जाकर प्रदर्शन करते देखा गया। कई यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी शर्ट उतार दी और नारे लगाए, जिसमें ‘पीएम इज कंप्रोमाइज’ भी शामिल था। अचानक नारेबाजी शुरू होने से कुछ समय के लिए कार्यक्रम का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रदर्शनकारियों को तुरंत हिरासत में लिया गया
सरकारी अधिकारियों, इंडस्ट्री के नेताओं और विदेशी डेलीगेट्स की भागीदारी वाले इस हाई-प्रोफाइल इंटरनेशनल इवेंट में इस तरह के प्रदर्शन से रोकने के लिए प्रदर्शनकारियों को तुरंत हिरासत में लिया गया और जगह से दूर ले जाया गया। दिल्ली पुलिस ने पुष्टि की है कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
चार यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता की पहचान
भारत मंडपम में प्रदर्शन कर रहे चार यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता की पहचान हुई है, जो कपड़े उतारकर प्रदर्शन कर रहे थे। उनकी पहचान कृष्णा हरि राष्ट्रीय सचिव, भारतीय युवा कांग्रेस, कुंदन यादव बिहार राज्य सचिव, भारतीय युवा कांग्रेस, अजय कुमार उत्तर प्रदेश राज्य उपाध्यक्ष, भारतीय युवा कांग्रेस, नरसिम्हा यादव राष्ट्रीय समन्वयक, भारतीय युवा कांग्रेस के रूप में हुई है। ये सभी QR कोड से एंट्री लेकर भीतर गए थे।
इंडियन यूथ कांग्रेस का सोशल मीडिया पोस्ट
वहीं, सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में भारतीय युवा कांग्रेस ने लिखा- जब विदेश नीति में झुकाव, कॉरपोरेट दबाव और चुप्पी हावी हो… तो साफ है, पीएम मोदी कॉम्प्रोमाइज्ड हैं!! इसी सच्चाई को बेनकाब करने भारतीय युवा कांग्रेस के जाबांज कार्यकर्ता एआई समिट पहुंचे और ‘कॉम्प्रोमाइज्ड पीएम’ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया! देश की अस्मिता से कोई समझौता नहीं! इंकलाब जिंदाबाद।
कांग्रेस पर भड़के अमित मालवीय
कांग्रेस के यूथ विंग के प्रदर्शन के बाद बीजेपी ने जोरदार हमला बोला है। बीजेपी नेता अमित मालवीय ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘राष्ट्रीय शर्म, ऐसे समय में जब भारत एक प्रतिष्ठित वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपने नवाचार और नेतृत्व का प्रदर्शन कर रहा है। कांग्रेस पार्टी ने गरिमा की जगह व्यवधान का रास्ता चुना है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिखर सम्मेलन स्थल पर नग्न होकर हंगामा किया, जो स्पष्ट रूप से भारत को विश्व मंच पर शर्मिंदा करने के उद्देश्य से किया गया कृत्य था।’

