देशभर में बदलेगा मौसम का मिजाज, बंगाल की खाड़ी से उठेगा ‘महा-गर्जना’ सिस्टम, कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

KK Sagar
3 Min Read

देशभर में मौसम लगातार करवट ले रहा है। उत्तर भारत में अब गर्मी का अहसास होने लगा है। राजधानी दिल्ली से लेकर पटना तक तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसी बीच बंगाल की खाड़ी में बन रहा एक मजबूत वेदर सिस्टम आज ‘महा-गर्जना’ का रूप ले सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले चार दिनों में देश के कई हिस्सों में तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम दक्षिण भारत से सक्रिय होकर धीरे-धीरे मध्य और पूर्वी भारत की ओर बढ़ेगा। 21 फरवरी से मौसम में बड़ा बदलाव शुरू होने की संभावना है। दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल में भारी बारिश का अनुमान है, जबकि कर्नाटक, तेलंगाना और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश या गरज-चमक की गतिविधियां हो सकती हैं। इस दौरान 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

पहाड़ी राज्यों में एक बार फिर बारिश और बर्फबारी का दौर लौट सकता है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने के आसार हैं। वहीं उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ता रहेगा, जिससे दिन में गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड का असर बना रह सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव प्री-समर वेदर पैटर्न का संकेत है और मार्च के मौसम की झलक भी दिखा रहा है। कुछ राज्यों में जहां तेज बारिश और हवाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं, वहीं कई इलाकों में गर्मी की शुरुआत भी तेज हो जाएगी। ऐसे में देश में एक साथ ‘दो तरह का मौसम’ देखने को मिलेगा।

IMD के मुताबिक अगले 16 से 48 घंटों में नौ राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। इनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, ओडिशा, छत्तीसगढ़, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं। दक्षिण भारत में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।

इस बीच पश्चिमी और मध्य भारत में तापमान बढ़ने का अनुमान है। गुजरात और महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि यह मौसमी ट्रांजिशन का हिस्सा है, जिसमें सर्दी धीरे-धीरे विदा लेती है और गर्मी का असर बढ़ने लगता है।

बिहार और झारखंड में भी मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आएगा। दिन में धूप निकलने से तापमान बढ़ेगा, लेकिन सुबह और शाम हल्की ठंड बनी रहेगी। पटना, गया, दरभंगा, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा और मधुबनी जैसे जिलों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....