मध्य पूर्व में हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं और ईरान को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी हलचल देखी जा रही है। कूटनीतिक और सैन्य संकेतों के बीच यह आशंका जताई जा रही है कि क्षेत्र में जल्द ही कोई बड़ा और चौंकाने वाला घटनाक्रम हो सकता है। हालात इतने तनावपूर्ण हो चुके हैं कि जंग जैसे माहौल की चर्चा तेज हो गई है।
ईरान के आसपास अमेरिकी सैन्य गतिविधियां बढ़ीं
सूत्रों के अनुसार, अमेरिका ने ईरान के आसपास अपनी सैन्य मौजूदगी को काफी मजबूत कर दिया है। भारी संख्या में सैनिकों, युद्धपोतों और सैन्य संसाधनों की तैनाती से क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। अंतरराष्ट्रीय विश्लेषकों का मानना है कि यह दबाव रणनीतिक चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है, हालांकि किसी आधिकारिक सैन्य कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।
खामेनेई और ट्रंप को लेकर अटकलें तेज
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को लेकर हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रुख को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि तख्तापलट या सीधे सैन्य हस्तक्षेप को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन बयानबाज़ी और गतिविधियों ने माहौल को और गर्म कर दिया है।
भारत ने जारी की एडवाइजरी, नागरिकों को लौटने की सलाह
बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने एहतियातन अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। भारत ने ईरान में मौजूद अपने नागरिकों को सतर्क रहने और वतन लौटने की सलाह दी है। सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया गया है, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
लोगों के मोबाइल पर आ रहे फारसी भाषा में रहस्यमयी SMS
इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। ईरान और आसपास के इलाकों में लोगों के मोबाइल फोन पर फारसी भाषा में SMS आ रहे हैं, जिनमें लिखा है— “Wait And See”। इन संदेशों को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। न तो इन संदेशों के स्रोत की पुष्टि हो पाई है और न ही किसी सरकारी एजेंसी ने इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान दिया है।

