धनबाद | पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल अंतर्गत रेल सुरक्षा बल (रेसुब) पोस्ट धनबाद ने ऑपरेशन AAHT के तहत बाल तस्करी के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए एक नाबालिग बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू किया है, जबकि एक बाल तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
घटना का विवरण
दिनांक 23 फरवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 17322 वास्कोडिगामा एक्सप्रेस के सामान्य कोच में नाबालिग बच्चों को बाल श्रम हेतु बाहर ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशानुसार रेसुब, CIB/धनबाद, राजकीय रेल थाना धनबाद तथा चाइल्ड हेल्प डेस्क धनबाद की संयुक्त टीम गठित की गई।
शाम करीब 4:05 बजे, धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 07 पर ट्रेन के आगमन के बाद सघन जांच की गई। जांच के दौरान स्लीपर व जनरल कोच से 05 बालिग व्यक्ति और 01 डरा-सहमा नाबालिग बच्चा बरामद किया गया। पूछताछ में सामने आया कि सभी को कंचन मल्लिक एवं उज्ज्वल मल्लिक द्वारा ले जाया जा रहा था।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ के दौरान कंचन मल्लिक ने स्वीकार किया कि वह और उसका साथी उज्ज्वल मल्लिक सिकंदराबाद स्थित सोलर प्लांट फैक्ट्री में मजदूर सप्लाई का काम करते हैं। फैक्ट्री द्वारा प्रति मजदूर 15,000 रुपये भुगतान किया जाता है। मजदूरों को 12,000 रुपये दिए जाते हैं और
शेष 3,000 रुपये प्रति मजदूर अभियुक्तों को कमीशन के रूप में मिलते हैं। इसी लालच में अभियुक्तों ने गांव-गांव से मजदूर जुटाए, जिनमें एक नाबालिग बच्चा भी शामिल था। नाबालिग की उम्र छिपाने के लिए उसके आधार कार्ड में छेड़छाड़ की गई।
नाबालिग की पहचान
रेस्क्यू किया गया बच्चा (काल्पनिक नाम रोहित),
जिला: बांकुड़ा (पश्चिम बंगाल) का निवासी बताया गया। वह नवीं कक्षा तक पढ़ाई किया है। उसने बताया की पारिवारिक स्थिति कमजोर होने के कारण काम पर जाने को मजबूर है वहीं
उज्ज्वल मल्लिक के कहने पर आधार कार्ड में उम्र बढ़ाई गई।
आधार सत्यापन व कार्रवाई
24 फरवरी 2026 को आधार सत्यापन कराया गया, जिसमें आधार कार्ड त्रुटिपूर्ण (Error) पाया गया। इसके बाद कंचन मल्लिक को गिरफ्तार कर लिया गया।
जब्त सामान
रॉकी मल्लिक का एक आधार कार्ड (DOB: 17/07/2007)
आधार कार्ड की एक ज़ेरॉक्स कॉपी (DOB: 17/07/2008)
जसीडीह से सिकंदराबाद तक के दो जनरल टिकट
कानूनी कार्रवाई
सीता कुमारी, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर (झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट, महुदा) के आवेदन पर
जीआरपी धनबाद कांड संख्या 67/26 (दिनांक 24/02/26) दर्ज की गई। मामला BNS की धारा 137(2), 143(5), 318(4), 338, 339, 3(5) एवं JJ Act की धारा 75 व 81 के तहत दर्ज हुआ है।
गिरफ्तार व फरार अभियुक्त
गिरफ्तार: कंचन मल्लिक (37 वर्ष), निवासी तिलाबाद, जामताड़ा (झारखंड)
फरार: उज्ज्वल मल्लिक (28 वर्ष), निवासी महिजोर, थाना कोंडाहित, जामताड़ा
बाल संरक्षण की पहल
रेस्क्यू किए गए नाबालिग बच्चे को चाइल्ड हेल्प डेस्क धनबाद के माध्यम से बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है

