ईरान में जारी तनावपूर्ण हालात के बीच दक्षिणी क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, दक्षिणी ईरान के गेराश क्षेत्र में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया। एजेंसी के मुताबिक भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर (6.21 मील) की गहराई पर स्थित था।
गेराश दक्षिणी ईरान के उस रणनीतिक गलियारे में आता है, जो देश की प्रमुख ऊर्जा परियोजनाओं, बंदरगाहों और सैन्य अवसंरचनाओं को आपस में जोड़ता है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में आए इस भूकंप ने सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता बढ़ा दी है।
भौगोलिक रूप से गेराश के दक्षिण-पूर्व में लगभग 150–180 किलोमीटर की दूरी पर गचिन यूरेनियम खदान स्थित है, जो ईरान के घरेलू यूरेनियम अयस्क के प्रमुख स्रोतों में से एक है। वहीं, गेराश से करीब 250–300 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में फारस की खाड़ी के तट पर स्थित बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र देश का एकमात्र कार्यरत नागरिक परमाणु ऊर्जा संयंत्र है।
हालांकि भूकंप के झटकों के बाद दोनों प्रतिष्ठानों में किसी प्रकार की क्षति, संचालन में व्यवधान या विकिरण संबंधी घटना की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

