जमुई – जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, मकान सूचीकरण को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

KK Sagar
3 Min Read

जमुई: भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियों के तहत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना से संबंधित जिला स्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार से समाहरणालय जमुई के सभाकक्ष में शुरू हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी नवीन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

जमुई -जनगणना का शुभारम्भ
जमुई -जनगणना का शुभारम्भ

जनगणना को बताया महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम

उद्घाटन के अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि भारत की जनगणना एक महत्वपूर्ण और समयबद्ध राष्ट्रीय कार्यक्रम है। इसके माध्यम से देश की जनसंख्या, आवासीय स्थिति और सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से जुड़े अहम आंकड़े जुटाए जाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से समझें और आगामी कार्यों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सफलतापूर्वक पूरा करें।

दो चरणों में होगा जनगणना कार्य

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि जनगणना कार्य दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में 2 मई से 31 मई तक मकान सूचीकरण और मकान गणना का कार्य किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में फरवरी 2027 में जनसंख्या की गणना की जाएगी।

अधिकारियों की भूमिका रहेगी अहम

अधिकारियों को बताया गया कि चार्ज पदाधिकारी के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी और नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। इनके माध्यम से पर्यवेक्षकों और प्रगणकों की नियुक्ति, CMMS पोर्टल पर यूजर आईडी तैयार करना, प्रशिक्षण देना और फील्ड कार्यों की निगरानी की जाएगी। साथ ही प्रत्येक मकान सूचीकरण ब्लॉक का सटीक लेआउट मैप तैयार कर कार्यों का भौतिक निरीक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा।

तकनीकी प्रशिक्षण पर विशेष जोर

प्रशिक्षकों ने मकान सूचीकरण और मकान गणना की प्रक्रिया, डेटा संग्रहण की पद्धति तथा तकनीकी पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। तीन दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन सैद्धांतिक जानकारी दी गई, जबकि अगले दो दिनों में एंड्रॉयड मोबाइल और ऐप के माध्यम से डेटा एंट्री, स्वगणना की प्रक्रिया, जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली तथा मकान सूचीकरण ब्लॉक सृजन वेब पोर्टल के उपयोग का हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कई अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल, अपर समाहर्ता बालमुकुंद प्रसाद, जिला जनगणना पदाधिकारी रविकांत सिन्हा, डीसीएलआर सुजीत कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी मेनका कुमारी, कार्यपालक अभियंता व नोडल पदाधिकारी गौतम कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....