त्योहारों से पहले SSP सख्त, अपराधियों और अफवाह फैलाने वालों की अब खैर नहीं, दिए ये कड़े निर्देश

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद करने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। गुरुवार को आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि अपराध नियंत्रण में कोताही बरतने वाले अधिकारियों पर गाज गिर सकती है। बैठक में एसएसपी ने आगामी ईद और रामनवमी को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया है।

इन 5 बड़े मुद्दों पर रहा एसएसपी का जोर
अवैध हथियारों पर प्रहार: आर्म्स एक्ट के मामलों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने अवैध हथियारों के खिलाफ जिले भर में सघन सर्च ऑपरेशन चलाने का आदेश दिया है।

अफवाहों पर ‘डिजिटल’ नजर: बच्चा चोरी की अफवाहों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सोशल मीडिया की निगरानी बढ़ाने को कहा है। भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर पुलिस की साइबर टीम सख्त कार्रवाई करेगी।

स्ट्रीट क्राइम पर लगाम: शहर में चेन, मोबाइल और पर्स छिनतई की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए गश्ती तेज करने और संदिग्धों की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

नशा तस्करों के खिलाफ अभियान: ड्रग पेडलरों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस अब विशेष अभियान चलाएगी।

पेंडिंग केस और पासपोर्ट: लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के साथ-साथ पासपोर्ट वेरिफिकेशन के काम में तेजी लाने की हिदायत दी गई है, ताकि आम जनता को परेशानी न हो।

त्योहारों पर रहेगी पैनी नजर
एसएसपी पीयूष पांडेय ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि ईद और रामनवमी के दौरान शांति समिति की बैठकें करें और क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखें। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और वारंट तामिला के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

Share This Article