डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: भारतीय रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल ने अपने दूर-दराज के क्षेत्रों में तैनात कर्मचारियों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है। रेलकर्मियों की सेवा संबंधी शिकायतों और समस्याओं के तुरंत निवारण के लिए पर्सनल विभाग (कार्मिक विभाग) आगामी 14 से 21 मार्च तक विशेष ‘ग्रीवांस कैंप’ का आयोजन करने जा रहा है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन कर्मचारियों की मदद करना है जो मंडल मुख्यालय से दूर होने के कारण अपनी समस्याएं अधिकारियों तक नहीं पहुंचा पाते। सीनियर डीपीओ डॉ. ऋषभ सिन्हा द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, यह कैंप मंडल के 15 प्रमुख स्टेशनों और डिपो में लगाए जाएंगे।
इन मुद्दों पर मिलेगी मदद
इन शिविरों में रेलकर्मी अपनी सर्विस से जुड़ी विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं का पंजीकरण करा सकेंगे। मुख्य रूप से HRMS (मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली) से संबंधित तकनीकी दिक्कतें। NPS (नेशनल पेंशन सिस्टम) से जुड़ी शिकायतें। वेतन, पदोन्नति और अन्य विभागीय कार्य।
कब और कहां पहुंच सकते हैं कर्मचारी?
अभियान की शुरुआत 14 मार्च से होगी, जिसमें झारसुगुडा (पीएफओ ऑफिस), राजगंगपुर (पी-वे ऑफिस), राउरकेला (लोको पायलट लॉबी), बंडामुंडा (पीएफओ ऑफिस) और डुमेत्रा (पी-वे ऑफिस) में शिविर लगेंगे।
इसके बाद 16 मार्च को झारसुगुडा हेल्थ यूनिट, 17 मार्च को बामरा (SMR ऑफिस) और राउरकेला हेल्थ यूनिट में कैंप आयोजित होंगे। 18 मार्च को राउरकेला और बंडामुंडा के सी एंड डब्लू (C&W) कार्यालयों में अधिकारी मौजूद रहेंगे।
सप्ताह के अंत में 19 मार्च को झारसुगुडा लॉबी और बंडामुंडा डीजल शेड, 20 मार्च को गारपोस (SMR ऑफिस) व बंडामुंडा हेल्थ यूनिट और अंत में 21 मार्च को बिमलगढ़ (SMR ऑफिस) में शिकायतों का निपटारा किया जाएगा।
विशेष टीम संभालेगी मोर्चा
कार्मिक विभाग ने इन कैंपों के सफल संचालन के लिए डीपीओ, एपीओ और वेलफेयर इंस्पेक्टर्स की एक विशेष टीम तैनात की है। विभाग का दावा है कि इन कैंपों में दर्ज होने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निवारण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि रेलकर्मियों को काम के दौरान किसी मानसिक या प्रशासनिक तनाव का सामना न करना पड़े।

