बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए चुन लिए गए हैं। ऐसे में बिहार में नई सरकार के गठन की चर्चा जोरों पर है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जगह बिहार की कमान किसके हाथों में जाएगी। इसी बीच नीतीश कुमार ने बुधवार को जमुई में समृद्धि यात्रा के दौरान एक ऐसी बात कही जिससे यह सकेत मिले कि सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। उन्होंने सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखकर कहा कि ‘आगे इन्हें ही सब करना है।’
नीतीश कुमार ने दिया बड़ा इशारा
बिहार में इन दिनों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा जारी है। यात्रा के चौथे चरण का आज दूसरा दिन है। मुख्यमंत्री अपनी यात्रा के तहत आज जमुई पहुंचे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के जमुई में समृद्धि यात्रा के दौरान बड़ा बयान दिया। जमुई में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी दोनों मंच पर मौजूद थे। इसी दौरान बातचीत के बीच नीतीश कुमार ने सार्वजनिक तौर पर बड़ा बयान दिया।
क्या सम्राट चौधरी लेंगे नीतीश की जगह?
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखते हुए कहा-“अब यही सब काम करेंगे।” इस बयान को लेकर कई तरह के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। इसका मतलब लगाया जा रहा है कि अगले माह जब नीतीश कुमार राज्यसभा में चले जाएंगे तब बिहार के मुख्यमंत्री का पद सम्राट चौधरी को मिल सकता है। संभावना जताई जा रही है कि 14 अप्रैल के बाद बिहार में नए मुख्यमंत्री को शपथ दिलाई जा सकती है।
पहले भी नीतीश कुमार दे चुके हैं संकेत
ये पहली बार नहीं है जब नीतीश कुमार ने अगले सीएम को लेकर इशारा किया है। दरअसल, नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान मधेपुरा, किशनगंज, कटिहार, बेगूसराय समेत तमाम जिलों में बार-बार सम्राट चौधरी को मंच पर आगे लाकर कहा हैं कि जैसे हमको सहयोग किए इनको भी मदद करिए। यही नहीं सहरसा में तो नीतीश कुमार ने यहां तक कह दिया कि अब इनलोगों को सब देखना है।
कौन होगा बिहार का अगला मुख्यमंत्री?
बता दें, राज्यसभा चुनाव संपन्न हो चुका है। बिहार की पांचों राज्यसभा सीटों पर एनडीए के उम्मीदवारों ने कब्जा जमाया है। इसी के साथ अब नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद बन गए हैं। ऐसे में सियासी गलियारे में ये सवाल गूंज रहा है कि नीतीश कुमार अपनी राजनीतिक विरासत किसको सौंपेंगे और बिहार का अगला मुख्यमंत्री किसको बनाएंगे?

