बिहार के सहरसा से विधायक इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता (आईपी गुप्ता) ने एमएलए फंड में 24 फीसदी कमीशन को लेकर अधिकारियों पर सख्त नाराज़गी जताई है। उन्होंने कहा कि एमएलए फंड किसी के “बाप का पैसा” नहीं, बल्कि जनता का पैसा है। यदि कमीशन के चलते अच्छी सड़क नहीं बनाई गई, तो वे सड़क सहित उसे उखाड़ देने की कार्रवाई करेंगे। आईपी गुप्ता विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद पहली बार अपने क्षेत्र पहुंचे। इस दौरान उन्होंने तल्ख तेवर दिखाए।
आधिकारियों पर बड़ा गंभीर आरोप
विधायक आईपी गुप्ता ने जिले के आधिकारियों पर बड़ा गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया, एमएलए फंड में यहां के अधिकारी 24 फीसदी कमीशन लेते हैं, यह फंड उनके बाप का नहीं है। यह सरकार और यहां की जनता का पैसा है। अगर कमीशन लेकर बढ़िया सड़क नहीं बनाई तो सड़क सहित उसे उखाड़ देंगे।
डर के कारण दिल्ली भागने की तैयारी में अधिकारी- आईपी गुप्ता
इससे पहले बुधवार को उन्होंने जदयू पर तंज कसते हुए कहा था कि बिहार में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश सरकार के 20 वर्षों में जिन अधिकारियों ने पैसा कमाया है, वे अब डर के कारण दिल्ली भागने की तैयारी में हैं। उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी की जो प्रदेश में सरकार बनेगी, वह कम से कम एक साल तक सख्ती से काम करेगी और इस दौरान सभी गड़बड़ियों को दुरुस्त किया जाएगा।
भ्रष्ट पुलिसकर्मियों को भी दी चेतावनी
साथ ही भ्रष्ट पुलिस अफसरों को चेतावनी देते विधायक ने कहा कि ऐसे पुलिसकर्मियों के नाम की फाइल जरूर खोलेंगे। उन्होंने कहा कि कोई उन्हें वोट न दे, फर्क नहीं पड़ता है। लेकिन सहरसा के विकास के लिए जो वे कर रहे हैं, उसमें उनका साथ चाहिए।

