रूस के बाद अब ईरान पर “मेहरबानी”, अमेरिका ने दी तेल बेचने की इजाजत, ट्रंप का सीजफायर से इनकार

Neelam
By Neelam
3 Min Read

अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध अब और खतरनाक मोड़ लेता दिख रहा है। युद्ध को 22 दिन हो गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कर दिया है कि ईरान के साथ कोई सीजफायर नहीं होगा। हालांकि, इस बीच ईरान को बड़ी राहत दी है। अमेरिका ने समुद्र में फंसे ईरानी तेल पर लगाए गए प्रतिबंधों को अस्थायी रूप से हटाने का फैसला किया है।

30 दिनों के लिए प्रतिबंध हटाने का फैसला

क्रू़ड ऑयल की कीमतों में भारी उछाल के बीच ट्रंप प्रशासन ने समुद्र में फंसे ईरानी तेल पर 30 दिनों के लिए प्रतिबंध हटाने का फैसला किया है। ट्रंप प्रशासन ने एक महीने के लिए विशेष अनुमति देते हुए इन प्रतिबंधों को 19 अप्रैल तक स्थगित कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक यह राहत उन तेल खेपों पर लागू होगी, जो शुक्रवार तक जहाजों में लोड की जा चुकी थीं।

क्यों यू-टर्न को मजबूर हुए ट्रंप ?

अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस कदम का उद्येश्य मौजूदा आपूर्ति को जारी करके बाजारों को तेजी से स्थिर करना है। बेसेंट ने लिखा, दुनिया के लिए इस मौजूदा आपूर्ति को अस्थायी रूप से जारी करके अमेरका वैश्विक बाजारों में लगभग 140 मिलियन बैरल तेल तेजी से उपलब्ध कराएगा।

ईरानी तेल को चीन सस्ते दाम पर जमा कर रहा

अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के लाइसेंस के अनुसार, यह छूट शुक्रवार 20 मार्च तक जहाजों पर लादे गए ईरानी तेल पर लागू होती है और 19 अप्रैल को समाप्त हो जाएगी। स्कॉट बेसेंट ने इस कदम को ऐसे तरीके के रूप में बताया जिससे ईरानी तेल का फायदा लेने वाला चीन अकेला लाभार्थी न बन जाए। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित ईरानी तेल को चीन सस्ते दाम पर जमा कर रहा है।

ट्रंप बोले- बातचीत करूंगा लेकिन सीजफायर नहीं

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से जंग के बीच सख्त टिप्पणी की है। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि हम वार्ता कर सकते हैं। ट्रंप ने कहा कि हम बातचीत कर सकते हैं, लेकिन युद्धविराम नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि जब आप दूसरे पक्ष को पूरी तरह से नष्ट कर रहे हों, तब युद्धविराम नहीं किया जा सकता, इसलिए हम ऐसा नहीं करना चाहते। ट्रंप ने कहा कि हम अपने लक्ष्य के काफी करीब पहुंच रहे हैं।

Share This Article