केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से मिलने पहुंचे निशांत, सीक्रेट मीटिंग से चढ़ा बिहार का सियासी पारा

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में आज ईद-उल-फितर के दौरान अलग ही सियासी नजारा देखने को मिला। पटना के गांधी मैदान में 20 साल में पहली बार सीएम नीतीश नहीं पहुंचे। बल्कि उनके बेटे निशांत पहुंचे। निशांत सीएम की तरह ही नमाजियों से मिले और ईद की मुबारकबाद दी। हालांकि, असली हलचल तब शुरू हुई जब निशांत गांधी मैदान से निकलकर सीधे जेडीयू के कद्दावर नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के आवास पहुंचे। इन दोनों के बीच 15 मिनट की सीक्रेट मीटिंग हुई।

नीतीश कुमार की जगह निशांत पहुंचे गांधी मैदान

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार अब तक राजनीति से हमेशा दूर रहे हैं। जब नीतीश कुमार ने दिल्ली का रूख करने का फैसला किया, तब निशांत की राजनीति में एंट्री हुई। जिसके बाद निशांत पिता नीतिश कुमार की जगह लेने की कोशिश में लगे हैं। इसकी एक नजारा उस वक्त दिखा जब पिछले 20 वर्षों से चली आ रही परंपरा को तोड़ते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ईद के मौके पर मैदान में मौजूद नहीं रहे। उनकी जगह उनके बेटे निशांत कुमार ने कार्यक्रम में शिरकत की और लोगों को मुबारकबाद दी।

बंद कमरे में हुई मीटिंग ने बढ़ाई हलचल

गांधी मैदान से देश और प्रदेशवासियों को ईद की बधाई देने के बाद निशांत कुमार सीधे पार्टी के वरिष्ठ नेता ललन सिंह के आवास पहुंचकर उनका हालचाल जाना। इस मुलाकात में दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। हालांकि आधिकारिक तौर पर कुछ भी सामने नहीं आया है, लेकिन माना जा रहा है कि बातचीत बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और आने वाले समय की रणनीति को लेकर हुई। बंद कमरे में हुई इस मीटिंग ने कई तरह की अटकलों को जन्म दे दिया है।

बदलाव के मिल रहे संकेत

जिस तरह से हाल के दिनों में निशांत कुमार सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आ रहे हैं, उससे यह साफ है कि उनकी भूमिका को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। राजनीतिक जानकार मान रहे हैं कि आने वाले समय में सरकार के गठन या नेतृत्व को लेकर बदलाव देखने को मिल सकता है। कुछ सूत्रों के अनुसार निशांत कुमार को डिप्टी सीएम या कोई अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है।

Share This Article