बिहार का 114वां स्थापना दिवस आज, सीएम नीतीश कुमार ने दी बधाई, गांधी मैदान में होगा भव्य आयोजन

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार आज अपना 114वां स्थापना दिवस मना रहा है। बिहार दिवस को लेकर पटना के गांधी मैदान में विशेष कार्यक्रम होंगे। इस बार बिहार दिवस के अवसर पर ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ थीम के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। गांधी मैदान में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा भव्य पंडाल और स्टाल लगाए गए हैं, जहां आम जनता को जन-कल्याणकारी योजनाओं और राज्य की विकास यात्रा की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज शाम करेंगे उद्घाटन

बिहार दिवस समारोह के मुख्य कार्यक्रम यानी पटना गांधी मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा शामिल होंगे, जबकि शिक्षा मंत्री सुनील कुमार कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव बी. राजेन्दर ने अपनी टीम के साथ तैयारियों का अंतिम निरीक्षण कर लिया है।

गांधी मैदान में भव्य आयोजन की तैयारी

गांधी मैदान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत आने वाली विभिन्न इकाइयों द्वारा उनकी योजनाओं, उपलब्धियों एवं सेवाओं के प्रदर्शन के लिए थीम-आधारित स्टॉल और पवेलियन लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के जरिए आमजन को राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा, विभाग के पवेलियन में इस बार राज्य की पारंपरिक कलाओं, जैसे लहठी एवं सुजनी का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही, महिला उद्यमियों के उत्पादों के प्रदर्शन-सह-विपणन के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा जीविका पवेलियन भी लगाया जाएगा। इसका शुभारंभ ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री करेंगे।

बिहार दिवस पर सीएम नीतीश ने दी शुभकामनाएं

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार दिवस पर प्रदेश एवं देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने शनिवार को अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि बिहार का इतिहास गौरवशाली रहा है और वर्तमान में अपने निश्चय से बिहार का गौरवशाली भविष्य तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि बिहारवासी आपसी एकता, भाईचारा, सामाजिक समरसता एवं सद्भाव बनाए रखते हुए बिहार के गौरव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे।

22 मार्च 2012 को बंगाल से अलग हुआ था बिहार

बिहार दिवस प्रत्येक साल 22 मार्च को मनाया जाता है, जो बिहार राज्य के गठन का प्रतीक है। 22 मार्च 1912 को बंगाल प्रांत के बिहार और उड़ीसा डिवीजनों को अलग करके ब्रिटिश भारत में बिहार और उड़ीसा प्रांत बनाया गया था।

Share This Article