बिहार आज अपनी स्थापना की वर्षगांठ मना रहा है। बिहार दिवस के अवसर पर पटना के गांधी मैदान में तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें राज्य की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सशक्तिकरण की झलक देखने को मिलेगी। वहीं बिहार दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य के उज्ज्वल भविष्य और विकास के संकल्प को दोहराया है।
पीएम मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बिहार दिवस के अवसर पर राज्य के लोगों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होनें लिखा “बिहार दिवस के अवसर पर राज्य के अपने सभी परिवारजनों को अनेकानेक शुभकामनाएं। भारतीय विरासत को भव्यता और दिव्यता प्रदान करने वाला हमारा यह प्रदेश आज प्रगति के नित-नए अध्याय गढ़ने में जुटा है। मुझे विश्वास है कि विकसित बिहार के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में यहां के कर्मठ एवं ऊर्जावान लोगों का समर्पण और सामर्थ्य बहुत काम आएगा।”
सीएम नीतीश कुमार ने क्या लिखा?
इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बिहारवासियों को बधाई देते हुए कहा कि बिहार का इतिहास गौरवशाली रहा है और वर्तमान में राज्य अपने दृढ़ संकल्प के साथ उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर है। उन्होंने समृद्ध बिहार के निर्माण के लिए सभी से मिलकर काम करने का आह्वान किया और विश्वास जताया कि बिहार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
गांधी मैदान में होगा भव्य कार्यक्रम
बिहार दिवस को लेकर आज से गांधी मैदान में तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत होगी। कार्यक्रम का उद्घाटन शाम 5 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। आयोजन में बॉलीवुड कलाकारों की भी भागीदारी रहेगी, जहां शान और पापोन जैसे लोकप्रिय गायक प्रस्तुति देंगे। 22 मार्च को पहले दिन मुख्य मंच पर सोना महापात्रा की प्रस्तुति होगी। वहीं श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में पंडित जगत नारायण पाठक द्वारा ध्रुपद गायन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा ओडिसी नृत्य में रमिंदर खुराना और प्राची लल्वी साहू अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। रविंद्र भवन में लोकगीतों की प्रस्तुति के साथ भोजपुरी रंगमंच के जनक भिखारी ठाकुर की प्रसिद्ध कृति ‘गबरघिचोर’ का मंचन भी किया जाएगा।

