मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह सोमवार यानी आज जेल से बाहर आएंगे। दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। वे सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जेल से रिहा होंगे। जेल से बाहर आने के बाद अनंत सिंह सीधे पटना स्थित अपने विधायक आवास पहुंचेंगे।
अनंत सिंह को शर्तों के साथ जमानत
पटना हाई कोर्ट के जस्टिस रुद्र प्रकाश मिश्रा की एकलपीठ ने अनंत सिंह को शर्तों के साथ जमानत दी है। कोर्ट ने साफ किया है कि अगर वे गवाहों को डराने या प्रभावित करने की कोशिश करते हैं, तो उनकी जमानत तुरंत रद्द कर दी जाएगी। दरअसल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस के बयानों में विरोधाभास ने उनकी रिहाई का आधार बनाया। रिपोर्ट में मौत का कारण वाहन से कुचलना और चोटें बताया गया, जबकि उन पर गोली मारने का आरोप था। इसके अलावा, घटनास्थल पर उनकी मौजूदगी भी साफ नहीं हो पाई थी।
समर्थकों में खासा उत्साह
अनंत सिंह की रिहाई को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बेऊर जेल के बाहर और उनके आवास पर भव्य स्वागत की तैयारी की गई है, जहां बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचेंगे। प्रशासन भी भीड़ को देखते हुए सतर्क है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
जश्न में 3 लाख रसगुल्ले और शाही पकवान
जब से जमानत की खबर आई है, पटना के 1, मॉल रोड स्थित अनंत सिंह के आवास पर जश्न की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। अनंत सिंह का स्वागत करने के लिए, 3 लाख रसगुल्ले और गुलाब जामुन विशेष रूप से तैयार किए गए हैं और बाढ़ से मंगवाए गए हैं। हलवाइयों की एक बड़ी टीम मिठाइयों को पैक करने और बांटने के लिए दिन-रात काम कर रही है। उनके समर्थकों का कहना है कि यह महज अनंत सिंह की रिहाई नहीं है, बल्कि अग्निपरीक्षा से गुजरने के बाद उनके नेता की विजयी वापसी है।
मोकामा में शक्ति प्रदर्शन की तैयारियां
अनंत सिंह आज का दिन पटना में बिताएंगे और कल मंगलवार, 24 मार्च को सुबह 8:00 बजे अपने विधानसभा क्षेत्र, मोकामा के लिए रवाना होंगे। उनके समर्थकों का दावा है कि उनके रोड शो में गाड़ियों का इतना विशाल काफिला होगा कि उन्हें गिनना भी नामुमकिन होगा। पटना से बरहिया तक लगभग 50 किलोमीटर की इस यात्रा के दौरान पार्टी कार्यकर्ता रास्ते में कई जगहों पर स्वागत समारोह आयोजित करेंगे।
चुनाव के बाद मोकामा का पहला दौरा
2025 के बिहार विधानसभा चुनाव जीतने के बाद, यह पहला मौका होगा जब अनंत सिंह अपने निर्वाचन क्षेत्र मोकामा के लोगों के बीच शारीरिक रूप से मौजूद होंगे। मोकामा की धरती पर कदम रखने से पहले, वे बरहिया में स्थित प्रसिद्ध महारानी स्थान मंदिर के दर्शन करेंगे। जेल में रहते हुए चुनाव जीतने के बाद यह उनकी पहली देवी दर्शन यात्रा होगी। इसके बाद, वे लोगों का आभार व्यक्त करने के लिए मोकामा के विभिन्न गांवों का दौरा करने निकलेंगे।
चार महीने बाद आ रहे जेल से बाहर
करीब चार महीने तक पटना की आदर्श बेऊर जेल में रहने के बाद, हाई कोर्ट के आदेश पर उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ है। अनंत सिंह को 2025 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान हुई दुलारचंद यादव की हत्या मामले में गिरफ्तार किया गया था। जेल की सलाखों के पीछे रहते हुए भी उन्होंने चुनावी जीत हासिल की।

