आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। इसी क्रम में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट मुख्यालय में सोमवार को एक हाई-लेवल बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक की अगुवाई पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार और पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पन्नाबलम ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान केंद्रीय अर्धसैनिक बल सीआरपीएफ के समन्वयक, विभिन्न कंपनियों के कमांडर और कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में चुनाव के दौरान केंद्रीय बलों की तैनाती को लेकर माइक्रो-लेवल प्लानिंग पर जोर दिया गया। खासतौर पर संवेदनशील और अति-संवेदनशील क्षेत्रों में सघन गश्त, फ्लैग मार्च और त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या दबाव की कोशिश को सख्ती से निपटाया जाएगा। सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस के बीच मजबूत समन्वय स्थापित कर ऐसा माहौल बनाया जाएगा, जहां हर मतदाता बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
प्रशासन के इस सख्त रुख से साफ संकेत है कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं होगी और लोकतंत्र का यह महापर्व पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराया जाएगा।

