बिहार में डिप्टी कमिश्नर के कई ठिकानों पर एक साथ रेड,आय से अधिक संपत्ति मामले में निगरानी का छापा

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में एक बार फिर भ्रष्ट अधिकारी पर शिकंजा कसा है। शिवहर के डीडीसी बृजेश कुमार के कई ठिकानों पर विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) की छापेमारी की गई।शिवहर डीडीसी बृजेश कुमार के पटना, बेतिया समेत चार ठिकानों पर एसवीयू ने छापा मारा है।

डीडीसी अफसर की ससुराल में भी रेड

विशेष निगरानी इकाई की टीम ने विशेष न्यायाधीश, निगरानी, पटना द्वारा जारी सर्च वारंट के आधार पर एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी शुरू की है। यह कार्रवाई बेतिया, सीतामढ़ी और शिवहर में आरोपी के सरकारी कार्यालयों और आवासीय परिसरों में की जा रही है। इस दौरान उनके ससुर, जो कि रिटायर इंजीनियर हैं, उनके सीतामढ़ी वाले घर पर भी रेड पड़ी है।

आय से अधिक संपत्ति का मामला

ये छापेमारी आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई है। फिलहाल तलाशी अभियान जारी है और टीम को महत्वपूर्ण दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े साक्ष्य मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों के अनुसार, जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

1.84 करोड़ की अवैध संपत्ति के आरोप

एसवीयू ने बृजेश कुमार के खिलाफ कांड संख्या-11/2026 दर्ज किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, बृजेश कुमार ने अपने सेवा काल के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए और लोक सेवक के रूप में अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करते हुए ज्ञात आय के स्रोतों से 1,84,32,900 रुपये (करीब 1.84 करोड़) अधिक की संपत्ति अर्जित की है। बृजेश कुमार के खिलाफ यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(बी), 13(2) एवं 12 के तहत दर्ज किया गया है।

Share This Article