क्या फिर एक होगा पासवान परिवार? चाचा पशुपति पारस से मिले चिराग, पैर छूकर लिया आशीर्वाद

Reena Sharma
2 Min Read

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने अपने चाचा पशुपति पारस से मुलाकात की है। चिराग ने चाचा को देखते ही उनका पैर छू कर आशीर्वाद भी लिया। चिराग पासवान एक पारिवारिक कार्यक्रम में अपने चाचा पशुपति कुमार पारस और जीजा साधु पासवान से मिले। इस मुलाकात ने सियासी गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

पशुपति पारस ने भतीजे चिराग को दिया आशिर्वाद

चिराग पासवान सोमवार को खगड़िया के अलौली ब्लॉक में स्थित अपने पैतृक गांव शहरबन्नी पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपने दिवंगत चाचा अर्जुन पासवान को श्रद्धांजलि दी। यह अवसर बेहद गमगीन था, लेकिन इस मौके से सामने आई तस्वीरों ने बिहार की राजनीति में पासवान परिवार के संभावित मिलन को लेकर नई अटकलों को जन्म दे दिया है। शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंचे चिराग ने अपने चाचा पशुपति कुमार पारस के पैर छुए। चाचा पशुपति कुमार पारस ने भतीजे चिराग पासवान को आशिर्वाद दिया। इसके बाद छोटे भाई प्रिंस राज से भी मुलाकात की।

Advertisement

बड़ी मां के गले लगाते ही छलके चिराग के आंसू

चाचा पारस से मुलाकात से पहले चिराग पासावन ने बड़ी मां राजकुमारी देवी से भी मुलाकात की थी। जैसे ही चिराग ने उनके पैर छुए, बड़ी मां ने उन्हें गले लगा लिया। इस दौरान चिराग पासवान की आंखों से आंसू छलक पड़े। इसके बाद चिराग ने बड़ी मां का हाल-चाल भी जाना।

राजनीतिक मतभेदों के कारण पासवान परिवार में दूरी

पासवान परिवार में लंबे समय बाद इस तरह की मुलाकात ने सभी का ध्यान खींचा। राजनीतिक मतभेदों के चलते परिवार में दूरी बनी हुई थी, लेकिन इस मुलाकात ने रिश्तों में नरमी के संकेत दिए हैं। हालांकि, यह पूरी तरह से राजनीतिक मेल-मिलाप है या सिर्फ पारिवारिक अवसर, इस पर अभी कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता।

Share This Article