आसनसोल। रसोई गैस की गंभीर किल्लत को लेकर बुधवार को आसनसोल में लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। जीटी रोड स्थित एलआईसी के पास बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने खाली गैस सिलेंडर सड़क पर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और गैस एजेंसियों के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियां कालाबाजारी कर रही हैं और आम उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा। उनका कहना है कि करीब एक महीने पहले बुकिंग कराने के बावजूद अब तक डिलीवरी नहीं हुई, जबकि मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज पहले ही आ चुका है।
विरोध प्रदर्शन के कारण जीटी रोड पर कई घंटों तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने गैस एजेंसी से बातचीत कर जल्द समस्या के समाधान और सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त किया और स्थिति सामान्य हुई।

