बिहार विद्यालय परीक्षा समिति 10वीं का रिजल्ट 2026 घोषित करने की तैयारी में है। मैट्रिक टॉपर वेरिफिकेशन चल रहा है। इसके बाद बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड रिजल्ट जारी कर देगा। आमतौर पर एक दिन पहले परिणाम की घोषणा की तारीख और समय की सूचना सार्वजनिक रूप से दी जाती है।
29 मार्च से 31 मार्च के बीच रिजल्ट
बोर्ड के सूत्रों के अनुसार, 29 मार्च से 31 मार्च के बीच किसी भी दिन परिणाम घोषित किया जा सकता है। सूत्रों का यह भी कहना है कि मैट्रिक के टॉपर्स का इंटरव्यू पूरा कर लिया गया है, जिससे संकेत मिलता है कि बोर्ड ने रिजल्ट जारी करने की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं।
बिहार बोर्ड 10वीं रिजल्ट कहां चेक करें?
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से मैट्रिक का रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट matricresult2026.com, biharboardonline.bihar.gov.in और results.biharboardonline.com पर जारी होगा। जहां छात्र अपने रोल कोड और रोल नंबर की मदद से परिणाम देख सकेंगे।
टॉपर वेरिफिकेशन के बाद जारी होगा रिजल्ट
बिहार बोर्ड 10वीं टॉपर वेरिफिकेशन का काम आज से कल तक पूरा कर लिया जाएगा। बिहार बोर्ड मैट्रिक रिजल्ट 2026 जारी करने से पहले बोर्ड ने टॉपर्स का फिजिकल वेरिफिकेशन करता है। इसमें टॉप-10 रैंक में आने वाले संभावित छात्रों को पटना मुख्यालय बुलाया जाता है, जहां विषय विशेषज्ञ उनका इंटरव्यू लेते हैं। इसमें हैंडराइटिंग का मिलान भी किया जाता है। इस वेरिफिकेशन के बाद करीब 15 लाख विद्यार्थियों के लिए मैट्रिक का रिजल्ट 2026 जारी किया जाएगा।
क्यों होता है टॉपर वेरिफिकेशन ?
हर साल इंटर या मैट्रिक का रिजल्ट जारी करने से पहले बिहार बोर्ड टॉपर्स का वेरिफिकेशन करता है। जबकि अन्य बोर्ड्स में ये सिस्टम नहीं है। दरअसल अब से 10 साल पहले 2016 में रूबी राय का केस आया था। एक लड़की जो बिहार बोर्ड 12वीं टॉपर बनी थी। जब मीडिया ने उससे कुछ सवाल किए, तो वो सब्जेक्ट्स के नाम तक नहीं बता पा रही थी। मामले ने तूल पकड़ी और जांच हुई। जिसमें पैसे लेकर टॉपर बनाने के खेल का पर्दाफाश हुआ। इसी के बाद से बीएसईबी में कई बड़े बदलाव हुए और फिर टॉप कर रहे स्टूडेंट्स की जांच परिणाम से पहले की जाने लगी।

