बिहार बोर्ड 10वीं का रिजल्ट जारी हो गया है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने मैट्रिक बोर्ड परीक्षा 2026 के टॉपर्स की लिस्ट जारी कर दी है। 10वीं बोर्ड की आधिकारिक टॉपर सूची में दो छात्राओं ने पहले स्थान पर कब्जा जमाया। जमुई स्थित सिमुलतला आवासीय विद्यालय की पुष्पांजलि कुमारी और उच्च माध्यमिक विद्यालय, छौड़ाही (वैशाली) की सबरीन परवीन ने 500 में से 492 अंक हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया। रिजल्ट और टॉपर लिस्ट की घोषणा बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने की।
81.79 फीसदी रहा है रिजल्ट
10वीं की बोर्ड परीक्षा में 15 लाख से अधिक बच्चे शामिल हुए थे। जिसमें से 12 लाख से अधिक बच्चे पास हुए हैं। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बताया कि इस कार 81.79 प्रतिशत छात्रों ने परीक्षा पास किया है। बिहार बोर्ड मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 के परिणामों में एक बार फिर बेटियों ने परचम लहराया है। इस वर्ष 2026 की मेरिट लिस्ट में कुल 14 मेधावी छात्रों ने अपनी जगह बनाई है, जिनमें से 8 केवल छात्राएं हैं।
टॉप 10 में 139 छात्रों ने जगह बनाई
इस बार मैट्रिक परीक्षा में दो परीक्षार्थियों ने बराबर अंक लाकर पहला स्थान हासिल किया है। इनमें सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जमुई की पुष्पांजलि कुमारी और उच्च माध्यमिक विद्यालय, वैशाली की सबरीन परवीन ने संयुक्त रूप शामिल हैं। दोनों ने 492 यानी 98.40% अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया है। वहीं दूसरे स्थान पर बेगूसराय की नाहिद सुलताना ने 97.8 अंक लाया है। तीसरे स्थान पर अनुपा कुमारी और ओम कुमार ने 97.8 अंक लाया है। चौथे स्थान पर तीन बच्चे और पांचवें पर पांच बच्चे शामिल हैं। खास बात यह है कि इस बार टॉप 10 में 139 छात्रों ने जगह बनाई है।
छात्रों ने छात्राओं का पछाड़ा
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से जारी 10वीं के परिणाम में इस वर्ष कुल 81.79% परीक्षार्थी सफल हुए हैं, लेकिन आंकड़ों की गहराई में जाएं तो जीत के दो अलग-अलग पहलू सामने आते हैं। जहां एक ओर सफल होने वाले विद्यार्थियों की कुल संख्या के मामले में बेटियों ने बाजी मारी है, वहीं दूसरी ओर सफलता के प्रतिशत के मामले में लड़कों का प्रदर्शन छात्राओं की तुलना में बेहतर दर्ज किया गया है।

