लश्कर आतंकी शब्बीर अहमद लोन दिल्ली बॉर्डर से गिरफ्तार, बांग्लादेश से भारत के खिलाफ रच रहा था साजिश

Neelam
By Neelam
4 Min Read

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया है। शब्बीर अहमद लोन को दिल्ली बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस और सुरक्षा बलों ने एक गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर उसे गाजीपुर क्षेत्र से बीती रात गिरफ्तार किया गया है। इसके पास से 5000 पाकिस्तानी रुपये, 2300 बांग्लादेशी रुपये और 1400 नेपाली रुपये बरामद किए गए हैं। 

आईएसआई के इशारे पर कर रहा था भारत विरोधी साजिश

लश्कर के आतंकी शब्बीर अहमद जम्मू कश्मीर के श्रीनगर के कंगन इलाके का रहने वाला है। अधिकारियों ने बताया कि आतंकी शब्बीर अहमद लोन फिलहाल बांग्लादेश में रह रहा था, जहां वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के निर्देश पर लश्कर की भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। आतंकी लोन काफी समय से एजेंसियों के रडार पर था।

‘मेट्रो पोस्टर केस’ में गिरफ्तारी

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी और ‘मेट्रो पोस्टर केस’ के मास्टरमाइंड शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया है। हाल ही में सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में सक्रिय लश्कर के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था। इस मॉड्यूल पर दिल्ली और कोलकाता में भारत विरोधी पोस्टर लगाने और प्रोपेगेंडा फैलाने का आरोप था। शब्बीर उस मॉड्यूल का हैंडलर था।

पाकिस्तान में ली ट्रेनिंग

शब्बीर ने पाकिस्तान के आतंकी कैंपों में ट्रेनिंग ली थी। वर्ष 2007 में उसे दिल्ली में भारी मात्रा में हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था, जहां वह बड़े हमले की साजिश रच रहा था। करीब 12 साल जेल में रहने के बाद 2019 में वह रिहा हुआ और फिर बांग्लादेश भाग गया था।ढाका में रहकर उसने लश्कर और आईएसआई के लिए आतंकी सेल स्थापित की। इसके बाद से ही वह सुरक्षा एजेंसियों और दिल्ली एटीएस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।

हाल ही में हुआ था बड़े आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने फरवरी 2026 में एक बड़े आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश किया था, जिसमें 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 7 बांग्लादेशी नागरिक थे, जो फर्जी आधार कार्ड के जरिये अपनी पहचान छिपाकर भारत में अवैध रूप से रह रहे थे। जांच में सामने आया कि यह पूरा नेटवर्क बांग्लादेश से ऑपरेट हो रहा था और इसका हैंडलर शब्बीर अहमद लोन था।

अवैध बांग्लादेशियों को बना था कट्टरपंथी

यह मॉड्यूल भारत में बड़े आतंकी हमलों की साजिश रच रहा था, जिसमें दिल्ली जैसे हाई-प्रोफाइल इलाकों को निशाना बनाने की योजना थी। जांच में सामने आया कि लोन बांग्लादेश से ऑपरेट करते हुए भारत में आतंकियों की भर्ती और ब्रेनवॉश करता था। अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को टारगेट कर उन्हें कट्टरपंथी बनाया जाता था। फर्जी आधार कार्ड जैसे दस्तावेज बनवाकर उन्हें भारत में छिपाया जाता था और एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए संपर्क रखा जाता था।

Share This Article