डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: लौहनगरी के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। सोमवार को हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम विभाग ने मंगलवार (31 मार्च) के लिए भी चेतावनी जारी की है। आज शाम शहर में धूल भरी आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को शाम होते ही मौसम करवट लेगा। शाम को 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की आशंका है। शाम होते ही आसमान में घने काले बादल छा सकते हैं। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि शहर के कुछ हिस्सों में बारिश का एक दौर (स्पेल) देखने को मिल सकता है।
क्यों बदल रहा है मिजाज?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस अचानक आए बदलाव और उतार-चढ़ाव के पीछे ‘पश्चिमी विक्षोभ’ मुख्य कारण है। इसी के प्रभाव से सोमवार को भी शहर के विभिन्न इलाकों में करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई थी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
प्रशासन की सलाह
मौसम विभाग ने पहले ही इस बदलाव को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी कर दिया था। तेज हवाओं और आंधी की संभावना को देखते हुए लोगों को सलाह दी गई है कि शाम के वक्त सुरक्षित स्थानों पर रहें और कच्चे ढांचों या पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें।

