बंगाल चुनाव के बीच टीएमसी को बड़ा झटका, बीजेपी में शामिल हुए टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस

Neelam
By Neelam
2 Min Read

टेनिस के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। दिल्ली बीजेपी मुख्यालय में वह पार्टी में शामिल हुए। बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले लिएंडर पेस ने तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है।  वहीं, उनका बीजेपी में शामिल होना काफी फायदमंद माना जा रहा है। माना जा रहा है कि बीजेपी पश्चिम बंगाल चुनाव में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है।

नितिन नवीन का बड़ा मास्टर स्ट्रोक

अक्टूबर 2021 को गोवा में ममता बनर्जी की उपस्थिति में तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता लेने वाले लिएंडर पेस ने हाल में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से कोलकाता में मुलाकात की थी। इसके बाद से ही उनके बीजेपी में जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं। लिएंडर पेस को टीएमसी से बीजेपी के पाले में लाने के लिए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का बड़ा मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है।

टीएमसी के शहरी वोट बैंक में सेंध की कोशिश

ममता बनर्जी के लिए यह व्यक्तिगत और राजनीतिक, दोनों लिहाज से एक झटका है। बीजेपी के लिए बंगाल की सबसे बड़ी चुनौती कोलकाता और उसके आसपास के शहरी इलाकों में टीएमसी की पकड़ तोड़ना है। पेस के आने से दक्षिण कोलकाता और जादवपुर जैसे क्षेत्रों में टीएमसी के शहरी वोट बैंक में सेंध लग सकती है।

स्पोटर्स सर्कल युवा वोटरों पर फोकस

नितिन नवीन ने इस बार ‘स्टार पावर’ और ‘साफ छवि’ का मिश्रण तैयार किया है। बीजेपी ने बंगाल में जाने-मानी हस्तियों को पार्टी में शामिल करने की रणनीति बनाई है। सर्व समाज में स्वीकार्यता के लिए पार्टी लेखक, शिक्षाविद्, कलाकार और खिलाड़ियों को पार्टी में शामिल कर रही है। लिएंडर पेस का बीजेपी में जाना इस कड़ी का हिस्सा है। बीजेपी को उम्मीद है कि लिएंडर पेस के आने के बाद पार्टी की लोकप्रियता स्पोटर्स सर्कल और युवा वोटरों में हो जाएगी। बंगाल में फुटबॉल और टेनिस का बड़ा क्रेज है। पेस के जरिए बीजेपी खेल जगत के अन्य दिग्गजों को भी अपनी ओर खींचने की कोशिश करेगी।

Share This Article