बिहार के नालंदा जिले में शीतला माता मंदिर मेले के दौरान हुई भगदड़ ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बिहार के नालंदा के शीतला माता मंदिर हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने इसमें जान गंवाने वाले पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने इस भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा भी की।
पीएम मोदी ने किया 2 लाख मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने पीएम मोदी के हवाले से लिखा, ‘बिहार के नालंदा जिले में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। मैं उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी और घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।’
मुख्यमंत्री ने छह लाख रुपये देने का किया एलान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालंदा जिले के बिहार शरीफ स्थित शीतला देवी मंदिर में हुये भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना काफी दुखद है और मैं इससे मर्माहत हूं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से चार-चार लाख रूपये एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये (कुल छह लाख रूपये) अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गये हैं तथा राहत एंव बचाव कार्य में जुटे हुये है। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुये लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और उनकी समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है।
कैसे हुआ हादसा?
मंगलवार को शीतलाष्टमी के अवसर पर सुबह से ही शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। मंगला मेला के कारण भीड़ और बढ़ गई थी। इसी दौरान कुछ महिलाएं बेहोश होकर गिर गईं, जिससे अचानक अफरा-तफरी मच गई और लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भीड़ ज्यादा होने के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था के इतजाम नहीं थे। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

